गुजरात को कांग्रेस मुक्त करने के अभियान में जुटे अमित शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर्दे के पीछे राज्यसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हैं, कांग्रेस को जडमूल से समाप्त करने का प्रण ले चुके हैं।
अहमदाबाद [ शत्रुघ्न शर्मा ]। गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक ओर चुनाव होगा जिसमें कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के भाग्य का फैसला होगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर्दे के पीछे राज्यसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हैं, शाह गुजरात से कांग्रेस को जडमूल से समाप्त करने का प्रदेश कार्यकारिणी में प्रण ले चुके हैं।
अमित शाह ने वीरभद्र पर साधा निशाना
लोकसभा के लिए मई 2014 में हुए चुनावों में भाजपा ने गुजरात की सभी 26 सीटों पर कब्जा जमाया था, कांग्रेस के हाथ एक भी सीट हाथ नहीं लगी थी। गुजरात से राज्यंसभा की 11 सीट में से फिलहाल 2 सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजकीय सचिव अहमद पटेल व वरिष्ठ नेता मधुसुदन मिस्त्री गुजरात से राज्यसभा सांसद हैं। अहमद पटेल व केन्द्रीय कपडा मंत्री स्मृति ईरानी तथा सांसद दिलीप पंडया को अगस्त 2011 को राज्यसभा सांसद के रूप में चुना गया था। इनका कार्यकाल अब अगस्त् 2017 को पूरा होगा।
हनी ट्रैप मामले में खुलासा, महिला ने तीन नेताओं से की 25 करोड़ की उगाही
भाजपा का प्रयास है कि लोकसभा की तरह राज्य सभा में भी गुजरात से कोई कांग्रेस नेता नहीं पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह विधानसभा चुनाव के साथ पर्दे के पीछे राज्यसभा चुनाव की गणित बिठाने में लगे हैं ताकि अहमद पटेल को रोका जा सके। गुजरात विधानसभा की 182 सीट हैं, भाजपा की 120, कांग्रेस की 57,एनसीपी के 2 व जदयू व निर्दलीय एक-एक। एक राज्य सभा सांसद को औसतन 45 से 46 विधायकों के समर्थन की जरुरत है। चुनाव के इस फॉरमेट के आधार पर सीधे सीधे तीन सीट में से एक पर कांग्रेस तथा 2 पर भाजपा की जीत निश्चित है लेकिन अमित शाह कांग्रेस को झटका देने के मूड में हैं। कांग्रेस मुक्त भारत से पहले वे कांग्रेस मुक्त गुजरात बनाने को उतावले हैं, सोमनाथ में हुई भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में शाह ने खुला ऐलान किया था कि प्रदेश में कांग्रेस को जडमूल से समाप्त करना है। इसी सपने को पूरा करने के लिए शाह गुजरात में कांग्रेस की कमजोर कडियों को तलाश रहे हैं, कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर चल रही खींचतान पर भी शाह की सीधी नजर है।