Move to Jagran APP

लेट्स प्ले होली

फन आइडियाज को फॉलो करके रंगों के इस सेलिब्रेशन को आप दे सकती हैं एक थीम पार्टी का मस्तीभरा अंदाज...

By Srishti VermaEdited By: Published: Sat, 11 Mar 2017 01:08 PM (IST)Updated: Sat, 11 Mar 2017 03:03 PM (IST)
लेट्स प्ले होली
लेट्स प्ले होली

होली पार्टी का मतलब है रंगों की मस्ती और उत्साह। इस होली सेलिब्रेशन में जुड़ता जाए हर बार कुछ नया रंग तो बढ़ जाता है उसका मजा। 

loksabha election banner

रेन डांस पार्टी
इस बार आप होली पर लेट्स प्ले होली या बलम पिचकारी जैसे गानों के बीच रेन डांस पार्टी का आयोजन कर सकती हैं। बच्चों को तो यूं भी रंग भरी पिचकारी से एक-दूसरे को भिगोना अच्छा लगता है, बड़े भी होली के रंगों से सराबोर होने के लिए तैयार रहते हैं। इस रेन डांस पार्टी के लिए पानी के टैंकर और वाटर पाइप्स का आपको करना होगा इंतजाम। चारों तरफ के माहौल को भी बनाएं रंग-बिरंगा।

 

चाट पार्टी
रंगों की मस्ती के साथ चटपटी चाट का स्वाद जुड़ जाए तो उसका अलग मजा होगा। इसके लिए आप आयोजित कर सकती हैं चाट पार्टी। लाल, पीले, नीले, नारंगी, गुलाबी, हरे रंग के कलरफुल टेंट से खिल उठेगा पार्टी का डेकोर। ठेले की चाट का देसी स्वाद मुंह में पानी लाता है। विभिन्न स्टॉल पर गेंदे के फूलों की लड़ी से सजे चाट के ठेले लगवाएं। एक ठेला अगर विभिन्न स्वाद के पानी वाले गोलगप्पों का हो, तो दूसरे ठेले पर स्वादिष्ट दही बड़े, तीसरे ठेले पर आलू चाट, पापड़ी चाट। एक ठेले पर नारियल पानी भी रखवा सकती हैं। यकीनन आपकी यह चटपटी चाट पार्टी मेहमानों को हमेशा याद रहेगी।

फूलों की होली
रंगों के पर्व के मौके पर मथुरा में बांकेबिहारी जी के मंदिर में आयोजित होने वाली फूलों की होली चर्चित है। कुछ उसी अंदाज में आप भी आयोजित कर सकती हैं फूलों की होली की थीम पार्टी। अगर आपको रंगों से एलर्जी है, तो फूलों की होली बेस्ट है आपके लिए। जिस तरह अबीर-गुलाल व अन्य सूखे रंगों को आप होली पार्टी में प्लेट्स में सजाती हैं, ताकि मेहमान रंग खेल सकें, उसी तरह गेंदा, गुलाब, बेला और रजनीगंधा के फूलों की पंखुड़ियों को प्लेट्स में सजाएं। टेसू और हरसिंगार के फूलों से तैयार गीले रंग से होली खेलने पर भी आपकी सेंसेटिव स्किन को कोई नुकसान नहीं होगा।

पूल पार्टी


होली के गीतों के मस्ती भरे म्यूजिक के बीच पूल पार्टी का अपना मजा है। अगर आपको व आपके दोस्तों को पानी में भीगना भाता है तो पूल पार्टी में आएगा मजा। इस मौके पर घर की सजावट का अंदाज भी होना चाहिए मस्तीभरा व खूब कलरफुल।

तरबूज का फ्लावर वाज
रसीला फल तरबूज आपके फ्रूट सैलेड को स्वादिष्ट बनाने के साथ ही आपकी सजावट में भी जान डाल सकता है। तरबूज को बीच से काट लें और चाकू की सहायता से उसके भीतर का सारा गूदा निकाल लें। तरबूज का जो खोखला हिस्सा बचेगा उसे फ्लावर वाज की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। उसमें कारनेशन या अपने मनपसंद ताजे फूल सजा सकती हैं। खुशबू बिखरते इस अनूठे फ्लावर वाज को सेंटर पीस के तौर पर इस्तेमाल कर सकती हैं। यकीन मानिए आपके घर आने वाले मेहमान आपकी क्रिएटिविटी की तारीफ किए बिना नहींरह सकेंगे।

तिकोने फ्लैग
पतंग के कागज को तिकोने शेप में काटकर व डोरी पर चिपका कर तैयार की गई झालर को जब सजाते हैं तो सजावट को मिलता है फेस्टिव लुक। ये झालर बाजार में बनी बनाई भी मिलती हैं। आप चाहें तो बच्चों की मदद से इसे घर पर भी तैयार कर सकती हैं। इस तरह बच्चों को आर्ट एंड क्राफ्ट का फन मिल जाएगा और आपकी सजावट को नया आयाम।

फूलों के साथ फन
रंग-बिरंगे फूलों का अपना अलग आकर्षण होता है। होली पार्टी का आयोजन कर ही हैं तो उसकी सजावट में डिफरेंट रंगों के फूलों को जरूर शामिल करें। चूंकि आजकल गेंदे के फूल सरलता से काफी मात्रा में उपलब्ध हैं इसलिए गेंदे के फूलों की लड़ी से डेकोरेशन खूबसूरत लगेगा। इसके अलावा वाटर पॉट में विभिन्न तरह के फूलों को करीने से सजा सकती हैं। आजकल आर्टीफिशियल फ्लावर्स का टियारा भी है खूब फैशन में, पर ताजे फूलों की बात अलग है। ताजे फूलों को बालों में सजाकर आप अपने लुक को बना सकती हैं और भी अट्रैक्टिव। डोरी में गुंथे हुए फूलों को अपनी रुचि के अनुरूप हाथ या गले में भी पहन सकती हैं। यही नहीं होली पार्टी में शिरकत करने वाले मेहमानों को भी फूलों की माला पहनाकर स्वागत कर सकती हैं।

रंग-बिरंगे गुब्बारे
बर्थडे पार्टी पर तो आप हमेशा ही गुब्बारे सजाती आई हैं, क्यों न इस बार कलरफुल गुब्बारों से होली पार्टी के डेकोर में डालें नई जान। रंग-बिरंगे गुब्बारे फुलाकर (गैस से) उन्हें एक रिबन से बांधकर कलरफुल बैलून बुके बनवाएं और सजाएं। यहां इस बात का ख्याल रखें कि यह बैलून बुके डोरी से मजबूती से एक भारी पत्थर पर बंधा हो, ताकि हवा में उड़ न जाए। चित्र में दी है गुब्बारों से बनी एक रंगोली। बच्चों को इसे बनाने में आएगा आनंद।

मिट्टी के पात्रों में रंगोली
मिट्टी के दीपक या पात्र दीवाली के मौके पर घर को रोशन करने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। होली के मौके पर मिट्टी के पात्रों में अबीर-गुलाल व अन्य सूखे रंग भरकर उनसे रंगोली सजा सकती हैं। इस तरह मिट्टी के पात्रों को सुरुचिपूर्ण ढंग से रखते हुए सजाई गई रंगोली के रंग भी बर्बाद नहीं होंगे। मिट्टी के पात्रों में रखे अबीर-गुलाल से आप मित्रों व परिजनों के साथ होली खेल सकती हैं।

कलरफुल हैंगिंग गार्डन लैंटर्न
होली पार्टी का आयोजन आप ओपन स्पेस या गार्डन में कर रही हैं तो डेकोरेशन के लिए कलरफुल हैंगिंग पेपर लैंटर्न भी है लाजवाब आइडिया। लैंटर्न से झांकती रोशनी रात में खूबसूरत लगती है, पर डे डेकोर में भी रंग-बिरंगी हैंगिंग पेपर लैंटर्न का आकर्षण कुछ कम नहीं होता। आजकल बाजार में ऐसी हैंगिंग पेपर लैंटर्न खूब मिल रही हैं, जो जल्दी खराब नहीं होती। उन्हें आप अपेक्षाकृत अधिक दिनों के लिए अपनी बालकनी पर भी सजा सकती हैं।

फन एक्टिविटीज
पार्टी में मेहमानों के लिए कुछ फन एक्टिविटीज भी होनी चाहिए। आप टैटू ऑर्टिस्ट को बुलवा सकती हैं, जो मेहमानों के हाथों पर कलरफुल टैम्परेरी टैटू बनाए। उसके अलावा कलरफुल गुब्बारों पर निशाना लगाने जैसे गेम्स भी आयोजित किए जा सकते हैं।

कलरफुल पार्टी इनवाइट्स
फ्रेंड्स और रिश्तेदारों को होली पार्टी में रंगों से सराबोर होने के लिए इनवाइट कर रही हैं, तो उसका तरीका भी होली के मिजाज से मैच करता हुआ होना चाहिए। कूल कलर्स के पेपर पर अपना आमंत्रण प्रिंट कराएं। छोटे से ट्रांस्पैरेंट पॉलीपैक में गुलाल डालकर इनवाइट के साथ अटैच करें। इस इनवाइट के साथ अगर मिठाई भेजने का मूड है, तो वो भी होनी चाहिए कलरफुल।

होली गिफ्ट
आप होली पार्टी में शिरकत करने वाले अपने मेहमानों को जरूर चाहेंगी कुछ ऐसा उपहार देना, जो उन्हें सदा अहसास कराए आपकी मेहमाननवाजी का। राधा-कृष्ण के प्रेम के रंग से जुड़ा है होली का यह पर्व तो आप मेहमानों को उनकी खूबसूरत सी मूर्ति उपहार में दे सकती हैं। उसके अलावा ब्यूटी केयर किट भी है बेहतरीन गिफ्ट आइडिया। मेहमानों के लिए आप खास तौर पर होली के स्लोगन वाली टीशट्र्स भी तैयार करवा सकती हैं। बच्चों के लिए उपहार के तौर पर ट्रांस्पेरेंट पैकिंग में कलरफुल कैंडीज और जेलीज का आइडिया अच्छा है।

प्रस्तुति- र्कीति सिंह

यह भी पढ़ें : बिखरने दो कुदरत के रंग


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.