वेटरन डायरेक्टर के विश्वनाथ को मिलेगा साल 2016 का दादा साहेब फाल्के अवार्ड
विश्वनाथ ने पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, 20 नंदी अवार्ड, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड,10 फ़िल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त किए हैं। इन्हें 1992 में पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है।
मुंबई। फेमस तेलुगु फ़िल्म निर्देशक कसीनथुनी विश्वनाथ को साल 2016 के दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। सिनेजगत में यह देश का सर्वोच्च पुरस्कार है। तेलुगू, तमिल और हिंदी में प्रशंसनीय फ़िल्में बनाने वाले विश्वनाथ भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान पाने वाले 48वें फनकार होंगे। पुरस्कार में उन्हें एक स्वर्णकमल, 10 लाख रपये नकद और एक शॉल प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तीन मई को विज्ञान भवन, दिल्ली में एक समारोह में उन्हें सम्मानित करेंगे। के विश्वनाथ की कुछ प्रमुख फ़िल्मों में ‘सरगम’, ‘कामचोर’, ‘संजोग’, ‘जाग उठा इंसान’ और ‘ईश्वर’ शामिल हैं। के विश्वनाथ सप्तापदी और संकराभरणम जैसी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फ़िल्म में भी काम कर चुके हैं। पुरस्कार की घोषणा सोमवार को सूचना और प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू द्वारा दादा साहब फाल्के पुरस्कार समिति की सिफारिश को मंजूरी के बाद की गई है।
ये भी पढ़ें: मुंबई के रेस्तरां से निकली जाह्नवी कपूर, खूबसूरत स्माइल हुई कैमरे में कैद
विश्वनाथ का जन्म गुडीवाडा (आंध्र प्रदेश) में फरवरी 1930 में हुआ। विश्वनाथ ने पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, 20 नंदी अवार्ड (आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित), लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड सहित 10 फ़िल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त किए हैं। इन्हें 1992 में पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है।