बड़े-बड़े स्टार्स भी बोलते हैं इनकी ज़ुबां, मिलिए बॉलीवुड के लैंग्वेज कोच से
अर्जुन कपूर फिल्म 'हाफ गर्लफ्रेंड' में मजेदार अंदाज़ में भोजपुरी बोलते नज़र आ रहे हैं। एक पंजाबी मुंडे के लिए फर्राटेदार अंदाज़ में डायलेक्ट के साथ भोजपुरी बोलना आसान नहीं था।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। बॉलीवुड में जब भी ऐसी फिल्में बनी हैं, जिनमें उन्हें आम बोल चाल वाली हिंदी भाषा से जुदा फिल्म की डिमांड के अनुसार भाषा सीखनी होती थी, तो बॉलीवुड सुपरस्टार्स भाषाओं की तालीम लेने के लिए कुछ ख़ास उस्तादों पर निर्भर रहते हैं। कुछ ऐसे ही बॉलीवुड के लैंग्वेज कोचों के बारे में जानिए इस रिपोर्ट में...
1. श्री धर दुबे: अर्जुन कपूर फिल्म 'हाफ गर्लफ्रेंड' में मजेदार अंदाज़ में भोजपुरी बोलते नज़र आ रहे हैं। एक पंजाबी मुंडे के लिए फर्राटेदार अंदाज़ में डायलेक्ट के साथ भोजपुरी बोलना आसान नहीं था। ऐसे में उन्हें मदद मिली श्री धर दुबे से। श्री धर खुद बिहार से ही ताल्लुक रखते हैं। सो, उनकी इस भाषा पर अच्छी पकड़ है। इस फिल्म की कास्टिंग मुकेश छाबड़ा ने की है। मुकेश ने ही मोहित को राय दी थी कि अर्जुन के माधव झा करेक्टर को भोजपुरी का लहजा सही पकड़ना जरूरी होगा। सो, श्री धर को यह जिम्मेदारी दी गयी। फिल्म का संवाद मायसेल्फ माधव झा, कमिंग फ्रॉम विलेज एरिया काफी लोकप्रिय हो रहा है। श्री धर ने अर्जुन के अलावा विक्रांत मैसी, सीमा विश्वास को भी इस फिल्म के लिए गाइड किया।
2. सुनीता शर्मा: आमिर ख़ान की फिल्म 'दंगल' में आमिर ने जितनी मेहनत अपने लुक पर की थी, उतनी ही मेहनत उन्होंने हरियाणवी लहजे को पकड़ने में की थी और उन्हें इसकी ट्रेनिंग मिली थी सुनीता शर्मा से। सुनीता बताती हैं कि आमिर ने 'दंगल' के लिए भाषा सीखने में काफी मेहनत की। सुनीता बताती हैं कि आमिर बहुत क्युरिअस स्टूडेंट हैं। वह काफी सवाल करते हैं और उनमें सीखने की हमेशा लालसा रहती है। सुनीता ने ना सिर्फ आमिर को, बल्कि फिल्म के बाकी कलाकारों को भी इस भाषा की ट्रेनिंग दी। सुनीता ने 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' में कंगना को भी हरियाणवी बोली सिखाई। इससे पहले वह रानी मुखर्जी को भी 'थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक' में गाइड कर चुकी हैं।
3. पंकज त्रिपाठी: पंकज त्रिपाठी बेहतरीन अभिनेता तो हैं ही, उनकी एक खासियत यह भी है कि उनकी अपनी भाषा पर अच्छी कमांड भी है। यही वजह थी कि जब 'उड़ता पंजाब' का निर्माण हो रहा था, तो फिल्म के निर्देशक अभिषेक चौबे ने पंकज से कहा कि वह आलिया भट्ट को बिहारी एक्सेंट से रूबरू कराएं। पंकज इस बारे में कहते हैं कि आलिया वाकई अच्छी स्टूडेंट हैं। वह जितना भी सिखाओ, उसे कंठस्थ कर लेती थीं।
4. शांति भूषण: शांति भूषण टेलीविजन जगत के स्थापित लेखकों में से एक हैं। उनकी फेहरिस्त में कई हिट शोज़ शामिल हैं। आमिर ख़ान की बहुचर्चित फिल्मों में से एक 'पीके' के लिए उन्हें भोजपुरी भाषा सीखनी थी, तब उन्होंने शांति भूषण से ही कंसल्ट किया था। शांति भूषण ने ही आमिर को भोजपुरी लहजा सिखाया था।
5. सीमा पाहवा: सीमा पाहवा एक बेहतरीन अभिनेत्री तो हैं ही, फिल्म 'दम लगा के हईशा' में सीमा ने अहम् किरदार भी निभाया था, लेकिन खास बात यह है कि यह फिल्म उत्तर प्रदेश की बैकड्रॉप पर थी। फिल्म की अभिनेत्री भूमि पेडनेकर मुंबईकर थीं, लेकिन भूमि ने खुद ही स्वीकारा कि इस फिल्म के लिए उन्हें भाषा और लहजा सीखने में सीमा ने काफी मदद की थी।
6. प्रतिमा काजमी: अक्षय कुमार ने एक अवॉर्ड समोराह के दौरान स्वीकारा था कि प्रतिमा काजमी ने उन्हें शुरुआती दौर में छह महीने तक हिंदी भाषा सिखाई थी। अक्षय कुमार ने यह भी स्वीकारा था कि जब वह हिंदी भाषा की वजह से फिल्मों में परेशानी झेल रहे थे, उस वक़्त प्रतिमा ने उन्हें ट्रेनिंग दी थी और वह आज भी यह बात नहीं भूले हैं।