Exclusive: रणबीर ने खोला राज़, कृष्णा राजकपूर की वजह से बदला फिल्म बॉबी का क्लाइमेक्स
रणबीर कपूर की फिल्म 'जग्गा जासूस' भी कृष्णा थियेटर में ही देखना चाहती हैं।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। रणबीर कपूर अपनी दादी कृष्णा राजकपूर के बेहद करीबी हैं। वह उनके लाड़ले पोते हैं और दोनों में गहरा कनेक्शन भी है। रणबीर कपूर बताते हैं कि जितना उन्हें फिल्मों का ज्ञान नहीं होगा, उससे अधिक फिल्मों से लगाव तो उनकी दादी कृष्णा राज़ कपूर को है।
रणबीर इस बारे में कहते हैं कि जाहिर है वह दादाजी के काम से लंबे समय से जुड़ी रही थीं। तो उन्होेंने तो फिल्मों का वह दौर देखा है, जब हम थे भी नहीं और हिंदी सिनेमा एक अलग ही रूप और आकार ले रहा था। रणबीर कपूर एक दिलचस्प बात यह बताते हैं कि कृष्णा राजकपूर आज भी अपने पोतों-पोतियों की सारी फिल्में देखती हैं और थियेटर में ही देखती हैं। रणबीर की तो उन्होंने सारी फिल्में देखी हैं। रणबीर बताते हैं कि दादा राजकपूर की कृष्णा राजकपूर एक खास दर्शक होती थीं और क्रिटिक भी। चूंकि राजकपूर जब फिल्में बनाते थे, तो वह कृष्णा को रोज रात में उठाकर आरके स्टूडियो लेकर जाते थे। रणबीर कहते हैं, दादाजी हमेशा ही दादी की राय जरूर सुनते थे और वह उन्हें अपनी सारी फिल्में जरूर दिखाते थे। कहते थे कि क्या करना चाहिए, उनकी सलाह लेते थे।
यह भी पढ़ें: Exclusive: दादा राजकपूर की लीगेसी को ले जायेंगे आगे, आरके बैनर के लिए ही होगी रणबीर की पहली डायरेक्टेड फिल्म
रणबीर ने दिलचस्प बात यह भी बताते हैं कि जब राजकपूर ने दादी कृष्णा को 'बॉबी' फिल्म दिखाई थी, जब फिल्म बन ही रही थी तो फिल्म का जो क्लाइमेक्स था पहले कि ऋषि कपूर और डिंपल कहानी में मर जाते हैं। फिल्म देखने के बाद कृष्णा राजकपूर का रियेक्शन था कि अगर पूरी फिल्म में इतना कॉन्फिलिक्ट है, दोनों लवर्स एक दूसरे से मिलने के लिए बेताब हैं और मशक्कत कर रहे हैं, फिर अगर दोनों मर जाते हैं तो मैं फिल्म देखूंगी ही क्यों। तो दादा राजकपूर ने एक आॅडियंस के रूप में उनकी बात समझी। इसलिए रणबीर मानते हैं कि कृष्णा राजकपूर एक दर्शक के रूप में हमेशा आॅनेस्ट रिएक्शन ही देती हैं। वह आम जनता की नज़र से सिनेमा देखती हैं।
यह भी पढ़ें: Box Office: ट्यूबलाइट की चमक थोड़ी चटख, अब ईदी मिले तो बात बने
रणबीर कपूर की फिल्म 'जग्गा जासूस' भी कृष्णा थियेटर में ही देखना चाहती हैं। रणबीर की फिल्म 'जग्गा जासूस' 14 जुलाई को रिलीज़ होगी।