आज विसर्जित होंगी अस्थियां
बॉलीवुड के सदाबहार हीरो देवानंद की अस्थियों को नासिक में गोदावरी नदी में आज विसर्जित किया जाएगा। देवानंद के बेटे सुनील अपने पिता की अस्थियों को पवित्र नदी में विसर्जित करने केलिए लंदन से भारत आ रहे हैं।
मुंबई। बॉलीवुड के सदाबहार हीरो देवानंद की अस्थियों को नासिक में गोदावरी नदी में आज विसर्जित किया जाएगा। देवानंद के बेटे सुनील अपने पिता की अस्थियों को पवित्र नदी में विसर्जित करने केलिए लंदन से भारत आ रहे हैं।
देवानंद के निकटतम सहयोगी मोहन चुरीवाला ने कहा, सुनील दोपहर भारत आ रहे हैं। यहां से हम देवसाहब की अस्थियों को पवित्र नदी गोदावरी में विसर्जित करने के लिए नाशिक जाएंगे। उल्लेखनीय है कि देवानंद का गत तीन दिसंबर को लंदन में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार लंदन में ही शनिवर को किया गया।
मुंबई में देवानंद को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को उनकी स्मृति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। चुरीवाला ने कहा, उपनगर बांद्रा के महबूब स्टूडियो में शुक्रवार को एक स्मृति समारोह आयोजित किया जाएगा। इसे वहां इसलिए आयोजित किया जा रहा है क्यों कि वहां देवसाहब का एक मेकअप रूम अब भी है। साथ ही चूंकि वहां उन्होंने कई फिल्मों की शूटिंग की थी इसलिए उससे कई यादगार स्मृतियां भी जुड़ी हुई हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर