ये तो हैं शाह रुख़ की सेजल, अब मिलिए सलमान, रणवीर और शाहिद की गुजराती सेजल से
ये अभिनेत्रियां भी बनी है बॉलीवुड की गुजराती सेजल!
मुंबई। शाह रुख़ ख़ान अनुष्का शर्मा के साथ इम्तियाज़ अली की फ़िल्म 'जब हैरी मेट सेजल' में नज़र आने वाले हैं और इसकी झलक वो धीरे धीरे मिनी ट्रेलर से दिखा रहे हैं। हाल ही में उनकी फ़िल्म का गाना 'राधा' भी रिलीज़ हुआ है जो लोगो को बहुत पसंद आ रहा हैं।
यह तो आप जानते ही होंगे कि इस फ़िल्म में शाह रुख़ पंजाबी मुंडे बने हैं और उनकी सेजल यानि अनुष्का गुजराती गर्ल का किरदार निभा रही हैं। अनुष्का का गुजराती एक्सेंट भी काफ़ी फ़ेमस हो रहा है। वैसे, यह पहली बार नहीं है कि किसी एक्ट्रेस ने गुजराती लड़की का किरदार निभाया है। शाह रुख़ की सेजल से तो आप मिल ही रहे हैं आइये आपको मिलाते हैं सलमान ख़ान, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की 'गुजराती' सेजल से!
यह भी पढ़ें: सलमान संग डेब्यू करने वाली एक्ट्रेसेज़ रहती हैं फ्लॉप, जानिए कौन है सबसे Lucky Khan
सबसे पहले मिलिए सलमान ख़ान की सेजल, याने गुजराती गर्ल से। और ये कोई और नहीं बल्कि, ऐश्वर्या राय बच्चन है। पर जब ऐश्वर्या इनकी सेजल हुआ करती थी तब वो सिर्फ़ ऐश्वर्या राय हुआ करती थी। हम बात कर रहे हैं फ़िल्म 'हम दिल दे चुके सनम' की जिसमें ऐश्वर्या ने गुजराती लड़की का किरदार निभाया था। ऐश्वर्या और सलमान की केमिस्ट्री भी इस फ़िल्म में बहुत पसंद की गई थी। गुजराती गाने, गुजराती खाना, डांडिया-गरबा हर चीज़ में था गुजराती तड़का।
अब आपको मिलाते हैं शाहिद कपूर की सेजल से और ये हैं करीना कपूर ख़ान। करीना ने फ़िल्म 'चुप के चुप के' में गुजराती लड़की का किरदार निभाया था। हालांकि, वो इस फ़िल्म में बोल और सुन नहीं पाती थी मगर, गुजरात का तड़का इस फ़िल्म में भी लगा था।
बॉलीवुड की गुजराती सेजल की लिस्ट में दीपिका पादुकोण का नाम भी शामिल है। फ़िल्म 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' में दीपिका बनी थी रणवीर की गुजराती सेजल यानि गुजराती लड़की। गुजराती आउटफिट, गरबा और गुजरात का टच इस फ़िल्म में बहुत पसंद किया गया था।
ये तो थी घाघरा पहन कर नाचने वाली बॉलीवुड की सेजल और अब मिलिए शोर्ट स्टाइलिश ड्रेस वाली सेजल से। ये हैं लारा दत्ता। फ़िल्म 'हाउसफुल' में लारा ने भी गुजराती लड़की का किरदार निभाया था जो फ़ोन पर अपने पापा से गुजराती में बात करते हुए दिखाई दी थीं। ये थी रितेश देह्मुख की स्टाइलिश सेजल!
इन सभी के अलावा एक और अभिनेत्री है जो गुजराती लड़की का किरदार निभाने वाली हैं और वो हैं मिस रनौत! कंगना रनौत अपनी आने वाली फ़िल्म 'सिमरन' में गुजराती बिज़नेस वूमेन का किरदार निभाने वाली हैं। इंट्रेस्टिंग!