Move to Jagran APP

यूपी चुनाव: पीएम मोदी बोले, नोटबंदी के बाद भी आगे बढ़ रहा देश

मैं कहता हूं आप मोदी की बात मत मानो, लेकिन जो बातें आपने खुद कही है वह तो आपको मानना ही चाहिए।

By Sachin BajpaiEdited By: Published: Wed, 01 Mar 2017 08:14 PM (IST)Updated: Wed, 01 Mar 2017 09:41 PM (IST)
यूपी चुनाव: पीएम मोदी बोले, नोटबंदी के बाद भी आगे बढ़ रहा देश
यूपी चुनाव: पीएम मोदी बोले, नोटबंदी के बाद भी आगे बढ़ रहा देश

जागरण संवाददाता, गोरखपुर । छठे चरण के विधानसभा चुनाव में पूरा जोर लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर सपा-कांग्रेस और बसपा पर जोरदार हमला बोला। इन दलों पर 15 साल से प्रदेश को लूटने का आरोप लगाते हुए बदलाव के लिए लोगों का समर्थन मांगा। कहा, नोटबंदी के बाद भी देश आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव छह माह से कह रहे हैं कि यहां उनका काम बोल रहा है, लेकिन उनका काम नहीं कारनामे ही बोल रहे हैं। अखिलेश को बुरा लग जाता है कि मोदी ऐसा क्यों बोल रहे हैं। मैं कहता हूं आप मोदी की बात मत मानो, लेकिन जो बातें आपने खुद कही है वह तो आपको मानना ही चाहिए।

loksabha election banner

प्रधानमंत्री बुधवार को महराजगंज और देवरिया में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की वेबसाइट यूपी डाटजीओवीडाटइन पर दर्ज एक रिपोर्ट को पढ़कर सुनाया और कहा कि उनकी वेबसाइट कह रही है कि यहां काम नहीं, कारनामे बोल रहे हैं। इसमें लिखा है कि उत्तर प्रदेश में जिंदगी बहुत छोटी होती है। यहां की महिला की औसत आयु सिर्फ 55 साल होती है, जबकि केरल की महिलाएं इससे 20 साल अधिक जीती हैं। प्रदेश की हालत अफ्रीका के सहार रेगिस्तान की तरह है। हिंदुस्तान के बडे़ राज्यों में प्रदेश का नंबर 13 वें 14वें पर हैं।

मोदी ने कहा कि नोटबंदी के बाद भी देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसे झुठलाने के लिए विपक्ष के लोग झूठ का सहारा लेते हैं। वे पहले कहते थे कि देश का विकास चौपट हो गया है। 8 नवंबर को नोटबंदी के बाद कहने लगे कि मोदी जी, देश तेज गति से आगे बढ़ रहा था, लेकिन आपने नोटबंदी करके पैर क्यों काट लिए। उनकी भाषा बदल गई। कहते हैं कि किसान बर्बाद हो गया, बेगारी आ गई। यह बताने के लिए नेता से लेकर हावर्ड से पढ़कर आए अर्थशास्त्री भी थे।

कहते थे कि जीडीपी दो से तीन फीसद गिर जाएगा, लेकिन देश ने देख लिया कि हावर्ड और हार्डवर्क का क्या फर्क होता है। देश के किसानों, ईमानदारों ने दिखा दिया है कि हार्डवर्क में अधिक दम होता है। आज भारत दुनिया मे तेज बढ़ने वाली इकोनामी है। कल जीडीपी के नए आंकडे़ आए हैं, जिसमें स्पष्ट हो गया है कि नोटबंदी के बाद भी देश की विकास यात्रा पर कोई आंच नहीं आई है।

प्रधानमंत्री ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि चुनाव के पांच चरण पूरे हो चुके हैं। पांच चरणों में लोगों ने भाजपा को जिता दिया है, अब छठें और सातवें चरण में हमें बोनस दीजिए।

नारियल में पानी होता है, लेकिन कांग्रेस नेता निकालते हैं जूस

राहुल गांधी की खिल्ली उड़ाते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता बडे़ कमाल के हैं। वे कल मणिपुर गए थे। वहां किसानों के लिए बड़ी घोषणा की। कहा कि वे मणिपुर से अब नारियल का जूस निकालेंगे और उसे इंग्लैंड में बेचेंगे। बच्चों तक को मालूम है कि नारियल में पानी होता है, लेकिन वे जूस निकालने की बात कहते हैं। वे उत्तर प्रदेश में आलू की फैक्ट्री लगाने की बात कहते हैं। आप बताओ कि क्या आलू फैक्ट्री में बनता है।

खुद को पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ा

देवरिया की जनसभा में मोदी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं बिहार के पिछडे़पन का मुददा उठाया और सवाल किया कि क्या पूर्वी उत्तर प्रदेश और काशी का विकास हुए बगैर देश का विकास हो सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के पास पानी है, उत्साही नौजवान हैं, प्राकृतिक संपदा है, इसलिए इसे पीछे नहीं रहना चाहिए। यहां का सांसद होने के कारण यहां का विकास करना चाहता हूं।

सरकार बनते ही किसानों के कर्जे माफ होंगे

पीएम ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने संकल्प लिया है कि सरकार बनने पर किसानों के कर्जे माफ कर दिए जाएंगे। मैं काशी का सांसद एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश का जनप्रतिनिधि होने के नाते कह रहा हूं कि 11 तारीख को पूरा देश होली से पहले विजयोत्सव मनाएगा। उसके बाद भाजपा की बहुमत की सरकार बनेगी। उसकी पहली मीटिंग में किसानों की कर्जमाफी की घोषणा हो जाएगी। इस काम को हम खुद देखेंगे।

14 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित कराएंगे

मोदी ने कहा कि हमने केंद्र में सरकार बनते ही गन्ना किसानों के बकाए गन्ना मूल्य का 22 हजार करोड़ चुका दिया। जो काम प्रदेश सरकार को करना चाहिए था, वह हमने किया। 35 लाख किसानों के खाते में सीधे पैसा जमा करा दिया। अब शेष बकाया गन्ना मूल्य 120 दिन में चुकता कर दिया जाएगा। ऐसी व्यवस्था बनाएंगे कि 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य मिल सके।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.