अमित शाह ने पुडुचेरी सरकार पर किया प्रहार
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पुडुचेरी की एआइएनआरसी सरकार पर केंद्र की राजग सरकार की कई कल्याण योजनाओं को लागू नहीं करने का आरोप लगाया है।
पुडुचेरी, प्रेट्र : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पुडुचेरी की एआइएनआरसी सरकार पर केंद्र की राजग सरकार की कई कल्याण योजनाओं को लागू नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं युवाओं, किसानों, गरीब महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों की मदद के लिए बनाई गई हैं।
कांग्रेस के दस वर्षों के कार्यकाल में 12 लाख करोड़ का घोटाला: अमित शाह
शाह ने आरोप लगाया कि न तो द्रमुक, अन्नाद्रमुक, कांग्रेस और न ही एआइएनआरसी सरकार ने लोगों की समस्याओं को हल किया। हालांकि केंद्र शासित प्रदेश को विकास के लिए अच्छे मौके दिए गए। शाह शनिवार को यहां एक चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। भाजपा 16 मई को होने वाला पुडुचेरी विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने पिछले दो वर्षों में राजग सरकार की विभिन्न कल्याण योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि एआइएनआरसी सरकार ने युवाओं की मुद्रा योजना को लागू नहीं किया। पुडुचेरी में किसी भी सरकार ने गरीबों की आवास की जरूरतों को पूरा नहीं किया। उन्होंने एआइएनआरसी सरकार के खराब प्रशासन के चलते लगातार बंद हो रही औद्योगिक इकाइयों को लेकर भी चिंता जताई।
केरल में गरजे शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी से राज्य के आदिवासी इलाकों में गरीबी और भुखमरी के चलते हो रही मौतों के लिए माफी मांगने को कहा है।
शाह ने कहा, 'तुलना भूल जाइए। मैं शुक्रवार को हुई दो बच्चों की मौत की बात कर रहा हूं। मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। बच्चों की मौत हो रही है। क्या केरल में यह मुद्दा नहीं है?' उनसे सोमालिया-केरल टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की चांडी की मांग के बारे में पूछा गया था। भाजपा अध्यक्ष ने राज्य के वयनाड जिले में शुक्रवार को दो नवजात की मौत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुजरात में भुखमरी से बच्चों की मौत नहीं होती। उन्होंने कहा कि इस संबंध में गलत बयान न दें। अगर आपके पास डाटा है तो दिखाएं।
ममता के राज में उद्योगों के नाम पर लगे बम के कारखाने: अमित शाह