MP Chunav 2018 : कांग्रेस के पास आरोप लगाने के अलावा कोई काम नहीं-संबित पात्रा
MP Chunav 2018 पात्रा के अनुसार राहुल गांधी कांग्रेस की एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) हैं। जनता उन्हें लेकर गंभीर नहीं है।
इंदौर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि मध्यप्रदेश में आगामी 28 नवंबर को होने वाले मतदान में पीएम फैक्टर काम करेगा। जो परफॉर्मेंस दिखाएगा और मेहनत करेगा उसी को जनता का आशीर्वाद मिलेगा। कांग्रेस के पास आरोप लगाने के अलावा कोई काम नहीं है।
यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस की एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) हैं। जनता उन्हें लेकर गंभीर नहीं है। 15 साल में प्रदेश में जो विकास हुआ है, उसे देखकर खुद कांग्रेस हैरान है। हर चुनाव में कहा जाता है कि भाजपा की परीक्षा होगी, क्योंकि कांग्रेस तो परीक्षा में है ही नहीं। राहुल तो पहले ही परीक्षा हॉल छोड़कर बाहर भाग गए हैं।
उन्होंने कहा कि हर चुनाव में भाजपा की परीक्षा होती है और हर बार वह पास होती है। कांग्रेस नेता बेसिर-पैर के आरोप लगाते हैं क्योंकि उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष महिलाओं को साजोसामान का विषय बता रहे हैं। जिस पार्टी की अध्यक्ष खुद महिला रही हों, उसके नेता ऐसी बात कहें, यह शर्म की बात है।
पात्रा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह दो कमरों में बैठकर अलग-अलग बात करती है। एक कमरे में राहुल गांधी खुद को शिवभक्त बताते हैं तो दूसरे कमरे में कमलनाथ अल्पसंख्यकों से कहते हैं कि उस बात को अलग हटा दो, चुनाव बाद सबको देख लेंगे। कांग्रेस में भीतर ही भीतर फैंसी शो चल रहा है। राफेल को लेकर पात्रा ने कहा कि जब यह सस्ता ही मिल रहा था तो कांग्रेस जनता को यह क्यों नहीं बता रही कि उसने अपने कार्यकाल में सस्ती दर पर इसे क्यों नहीं खरीदा।
15 साल से सरकार में होने के बावजूद सरकार द्वारा उपलब्धियों के विज्ञापन करने को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पात्रा ने कहा कि वही विज्ञापन करता है जिसके पास दिखाने को कुछ होता है। कांग्रेस के पास कोई उपलब्धि है ही नहीं, इसलिए वह विज्ञापन नहीं कर रही।
नोटबंदी को लेकर पात्रा ने कहा कि इसकी वजह से देशभर में तीन लाख से ज्यादा फर्जी कंपनियां बंद हुई हैं। कांग्रेस के कर्ताधर्ता मां-बेटे को नोटबंदी के कारण पांच हजार करोड़ का फटका लगा है। यूपीए के समय में माल्या को पैसा दिया गया था। भाजपा के कार्यकाल में यह घोटाला उजागर हुआ है।