Move to Jagran APP

Bhupesh Baghel special interview : जनता के साथ मिलकर, जनता की अपेक्षाओं को पूरा करूंगा

Bhupesh Baghel special interview : भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद नईदुनिया से की खास चर्चा, कहा-राजनीतिक बदले से नहीं करुंगा काम।

By Hemant UpadhyayEdited By: Published: Sun, 16 Dec 2018 10:37 PM (IST)Updated: Mon, 17 Dec 2018 07:47 AM (IST)
Bhupesh Baghel special interview : जनता के साथ मिलकर, जनता की अपेक्षाओं को पूरा करूंगा
Bhupesh Baghel special interview : जनता के साथ मिलकर, जनता की अपेक्षाओं को पूरा करूंगा

रायपुर। मुख्यमंत्री की घोषणा होने के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता के साथ मिलकर, जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेगी। इसका मतलब यह है कि कांग्रेस सरकार जनता की जरुरत, उसकी मांग और उसकी सहमति पर काम करेगी। कोई भी ऐसा काम नहीं करेगी, जिससे जनता नाराज हो। 15 साल से जनता सुशासन का इंतजार कर रही थी। उसने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, उस पर कांग्रेस सरकार के सभी लोग शत-प्रतिशत खरा उतरेंगे। 'नईदुनिया ' से बघेल ने विशेष बात की, प्रस्तुत हैं उसके कुछ अंश-

loksabha election banner

आपकी पहली घोषणा में झीरम कांड की जांच भी शामिल है, ऐसा क्यों?

- झीरम कांड में छत्तीसगढ़ का शीर्ष नेतृत्व खत्म हुआ था। कांग्रेस ने पहली पंक्ति के नेताओं को खोया था। यह केवल नक्सली हमला नहीं था। कांग्रेस शुरू से कह रही है कि यह राजनीतिक नरसंहार है। इसकी जांच सीबीआइ से कराई जाए। विधानसभा में कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सीबीआइ जांच कराने की बात कही थी, लेकिन आज तक सीबीआइ जांच शुरू नहीं हुई। राजनीतिक नरसंहार के पीछे कौन लोग हैं, उनका चेहरा बेनकाब होना चाहिए। कांग्रेस एसआइटी का गठन कर जांच कराएगी।

विधायक दल में टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत, ताम्रध्वज साहू समेत कई वरिष्ठ विधायक हैं, उनकी क्या भूमिका रहेगी?

- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक हमारी ताकत हैं। हम उनके अनुभव का लाभ लेंगे और मार्गदर्शन लेते रहेंगे। जिस तरह से पांच साल मिलकर संगठन को एकजुट होकर चलाया, उसी तक वरिष्ठ विधायकों के साथ एकजुट होकर सरकार भी चलाएंगे।

आप हमेशा कहते रहे हैं कि फूल छाप अधिकारियों की सूची है, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद क्या ऐसे अधिकारी निशाने पर रहेंगे?

- हम राजनीतिक बदले से काम नहीं करेंगे, लेकिन अधिकारियों से बात की जाएगी। अब तक जो ढर्रे पर काम कर रहे थे, वह नहीं चलेगा। जनता के प्रति जवाबदेह होना होगा। उनकी अपेक्षाओं को पूरा करना होगा। हमारी भी जिम्मेदारी रहेगी। अगर, धर के लोग सो जाएं, तो चोर का चोरी करना आसान हो जाता है। उसी तरह सरकार सजग नहीं रहेगी तो कामचोर और कमीशनखोर अधिकारियों पर लगाम कसना मुश्किल हो जाता है। हम सजग रहकर काम करेंगे।

संविदा पर भरे गए पदों का आप विरोध करते रहे हैं, क्या अब संविदा पर बैठे अधिकारियों की कुर्सी खतरे में है?

- संविदा योग्यता के आधार पर किया जाए या आवश्यकता पर पर है तो समझ में आता है। अगर, किसी को उपकृत करने के हिसाब से संविदा पर पद दिया गया है, तो इससे जनता के प्रति सरकार की निष्ठा बदल जाती है।

नक्सलवाद प्रदेश की बड़ी समस्या है, इसका समाधान कैसे करेंगे?

- नक्सलवाद छोटी-मोटी समस्या नहीं है, जिसका दो-चार माह में हल कर दूंगा, यह दावा उचित नहीं होगा। सारे पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। जो नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहते हैं, जो जवान वहां तैनात हैं, इन जैसे सभी लोगों से रायशुमारी की जाएगी। उसके बाद कोई कदम उठाया जाएगा, तो सार्थक होगा।

लोकसभा चुनाव में अब तक कांग्रेस का परफॉर्मेंस बेहद कमजोर रहा है। अब आप कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री हैं, तो क्या लगता है?

- अभी हमने विधानसभा चुनाव में तीन चौथाई बहुमत हासिल किया है। इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 11 की 11 सीटें जीतेगी। लोकसभा चुनाव में किसको टिकट मिलेगा, यह हाईकमान तय करेगी। दुर्ग के सांसद ताम्रध्वज साहू मंत्रिमंडल में होंगे या लोकसभा चुनाव लड़ेंगे या मंत्री रहते हुए लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, यह फैसला भी हाईकमान लेगी।

 कांग्रेस सरकार का मंत्रिमंडल कब तक बन पाएगा?

- सोमवार को मैं अकेले शपथ लूंगा। उसके बाद जल्द ही हाईकमान से बात करके मंत्रियों का नाम तय किया जाएगा।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.