दिल्ली में फिर निर्भया कांड! दुष्कर्म के बाद यौन अंग जलाने की कोशिश
दिल्ली में एक बार निर्भया जैसा कांड दोहराने की कोशिश हुई। दुष्कर्म का विरोध करने पर दरिंदे ने पानी गर्म करने वाली रॉड को बिजली बोर्ड में लगाकर उसके यौन अंग को जलाने की कोशिश की
नई दिल्ली। दिल्ली में महिलाओं के साथ दरिंदगी थमने का नाम नहीं ले रही है। निर्भयाकांड के तीन साल बाद एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया है। शख्स ने पहले तो महिला के साथ दुष्कर्म किया फिर दरिंदगी की इंतेहा पार करते हुए पानी गर्म करने वाली लोहे की रॉड से उसके यौन अंग को जलाने की कोशिश की।
बिजली कटी हुई थी, बाद में आरोपी ने उसी रॉड से पीड़िता को जख्मी कर दिया। पूरी घटना छतरपुर इलाके की है। पीड़िता की शिकायत के बाद महरौली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अभी आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपी की पहचान हो गई है, जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, पीड़िता छतरपुर इलाके में रहती है। उसके पड़ोस में ही एक फैक्ट्री है, जिसमें 25 वर्षीय आरोपी काम करता है।
महिला से आरोपी की जान पहचान थी, इसलिए उन दोनों में बातचीत होती रहती थी। महिला का आरोप है कि शुक्रवार को उसे जबरदस्ती पकड़ लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने पानी गर्म करने वाली रॉड को बिजली बोर्ड में लगाकर उसके यौन अंग को जलाने की कोशिश की लेकिन बिजली कटी हुई थी। इसके बाद भी वह रुका नहीं और उसने हैवानियत दिखाते हुए महिला के यौन अंग को रॉड से जख्मी कर मौके से फरार हो गया।