बच्चा गोद लेने के बाद अचानक सामने आई असली मां- पढ़ें खबर
जिस मां ने उसे प्यार व दुलार दिया वह बच्चा अनाथालय में है। वहीं, गोद लेने वाले मां-बाप ने बच्चे की कई इंश्योरेंस पॉलिसी करवाई हैं।
नई दिल्ली [ संदीप गुप्ता ]। भगवान श्रीकृष्ण को देवकी मां ने जन्म दिया था, लेकिन उनका लालन-पालन यशोदा मां ने किया। उन्हें अपनी दोनों मां का प्यार मिला, लेकिन इन दिनों निर्मल छाया में रहने वाले चार साल के बच्चे की किस्मत इतनी अच्छी नहीं है।
दुष्कर्म की प्रताड़ना झेलने के बाद जन्म देने वाली मां से बच्चे का अलग कर दिया गया। चार साल बाद जब उसे अपना बच्चा मिला तो पता चला कि वह यशोदा मां जैसा दुलार देने वाली एक महिला के पास अच्छे परिवार में पल रहा है।
पुलिस ने कानून के मुताबिक, कार्रवाई करते हुए पालने वाली मां को गिरफ्तार किया और बच्चे को निर्मल छाया में भेज दिया। जिस मां ने उसे प्यार व दुलार दिया बच्चा उसके पास जाने के लिए अनाथालय में बिलख रहा है।
वहीं करीब ढाई माह तक जेल में रहने के बाद सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश राकेश पंडित ने मां को जमानत प्रदान करते हुए कहा कि बच्चे की परवरिश अच्छे से हुई है। ऐसे में उन्हें जेल में रखने का औचित्य नहीं है।
उनके वकील जेके त्रिपाठी ने कहा कि 10 साल तक दंपती को बच्चा नहीं हुआ था। इस वजह से उन्होंने बच्चे को गोद लिया था। बच्चे से उनके अटूट प्यार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसके नाम पर कई इंश्योरेंस पॉलिसी करवाई गई हैं। उसे अच्छे प्ले स्कूल में पढ़ाया जा रहा था।
मूल रूप से झारखंड निवासी पीड़िता ने फरवरी में इंदरपुरी थाने मे मुकदमा दर्ज कराया था। उसने बताया था कि काम दिलाने के नाम पर उसे दिल्ली लाया गया। प्लेसमेंट एजेंसी के मालिक राजू के भाई संजू ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब भी वह आवाज उठाती उसे डरा-धमकाकर चुप करा दिया जाता। वह गर्भवती हो गई।
एक घर में काम करने के दौरान मालिक ने ही उसके बच्चे की डिलीवरी करवाई। बाद में उसे फिर से प्लेसमेंट एजेंसी के हवाले कर दिया गया। डरा-धमकाकर पीड़िता से उसके बच्चे को छीन लिया गया और नई जगह काम पर भेज दिया गया। वह बार-बार बच्चे के लिए गुहार लगाती रही, लेकिन उसे उसके बच्चे से नहीं मिलाया गया।
उसे झांसा दिया जा रहा था कि जब बच्चा बड़ा हो जाएगा तभी उससे मिलवाया जाएगा। बच्चे के बिना उसे कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा है। मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पीड़ित महिला की भी अब शादी हो चुकी है।