दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश, चिलचिलाती गर्मी से मिली राहत
रविवार को सुबह हुई बारिश से दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में मौसम खुश मिजाज दिखा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली के साथ एनसीआर के कई इलाकों में रविवार तड़के झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश से काफी राहत मिली है। रविवार को सुबह हुई बारिश से दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में मौसम खुश मिजाज दिखा।
दिल्ली में सुबह भी झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा। कई इलाकों में पानी जमा होने की शिकायत मिली है, लेकिन छुट्टी का दिन होने से सड़कों पर जाम की कोई सूचना नहीं है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि शाम तक फिर बारिश हो सकती है।
इससे पहले शनिवार शाम को तेज हवाओं चलीं तो कुछ इलाकों में तो आंधी भी आई। इसके चलते शनिवार शाम को ही गर्मी से राहत मिलनी शुरू हो गई थी। तेज बारिश और आंधी की वजह से एनसीआर के कई इलाकों में पेड़ों के गिरने की खबर भी मिली।
वहीं, विभाग का कहना है कि अगले दो दिन आंशिक रूप से बादल व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी में सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पालम का दर्ज किया गया। राजधानी में चार स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
राजधानी में सफदरजंग का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
राजधानी में आद्र्रता का स्तर अधिकतम 53 फीसद तथा न्यूनतम स्तर 39 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों धूल भरी आंधी के चलने व हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।