दिल्लीः हजारों MCD कर्मी हड़ताल पर, चरमरा सकती है सफाई व्यवस्था
डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के बढ़ते प्रकोप के साथ अब शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर चरमरा सकती है।
नई दिल्ली (जेेएनएन)। डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के बढ़ते प्रकोप के साथ अब शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर चरमरा सकती है। तीनों नगर निगमों के सफाई कर्मचारी आज से अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में एंटी मलेरिया और स्वास्थ्य कर्मचारी भी सिविक सेंटर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। नगर निगम सफाई व स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष योगेन्द्र राय ने बताया कि निगम ने वादे के बावजूद भी अनुबंध पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में कदम नहीं उठाया।
इसके साथ ही सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने को लेकर भी तीनों निगमों में कोई फैसला नहीं हुआ है, इसलिए सिविक सेंटर में विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, जिसमें दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के सदन के नेता सुभाष आर्य का पुतला भी फूंका जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर नजफगढ़ जोन में पिछले कई दिनों से स्वास्थ्य कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में इस बार कर्मचारी आर पार की लड़ाई के मूड में हैं।