दिल्ली MCD चुनावः EVM से वोटिंग पर केजरीवाल को एलजी से भी झटका
बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने निवास पर प्रेस वार्ता बुलाकर पंजाब विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया था।
नई दिल्ली (जेएनएन)। विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाकर दिल्ली नगर निगम चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मांग उपराज्यपाल ने ठुकरा दी है। उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने में असमर्थता जताई।
वर्षों पहले बंद हुए बैलेट पेपर से इतने बड़े पैमाने पर चुनाव कराने में कई अड़चनें हैं। जिसे इतने कम समय में दूर नहीं किया जा सकता। कम समय का हवाला देकर उपराज्यपाल ने केजरीवाल की मांग ठुकरा दी है।
पंजाब विधानसभा चुनाव में अपने पक्ष में नतीजे आने की उम्मीद लगाए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले तो नतीजे आने के बाद शांत रहे, लेकिन दो दिन बाद ईवीएम में गड़बड़ी की बात कही।
मंगलवार को उन्होंने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर नगर निगम चुनाव बैलेट पेपर से कराने के लिए पत्र लिखा, ताकि वह उसे राज्य चुनाव आयोग को अग्रसारित कर दें। हालांकि उसी दिन शाम में चुनाव आयोग ने दिल्ली सरकार की इस मांग को खारिज कर दिया।
इसके बाद बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने निवास पर प्रेस वार्ता बुलाकर पंजाब विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया। नगर निगम चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराने के लिए गेंद उन्होंने उपराज्यपाल अनिल बैजल के पाले में डाल दिया।