दिल्ली नगर निगम चुनाव में JDU ने ठोंकी ताल, 27 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी
जदयू ने नगर निगम चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। 27 उम्मीदवारों की लिस्ट में अधिकांश पूर्वांचल से संबंधित हैं।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने नगर निगम चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। 27 उम्मीदवारों की लिस्ट में अधिकांश पूर्वांचल से संबंधित हैं। इससे साफ है कि पार्टी की नजर दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों पर है। पार्टी जल्द ही बचे हुए उम्मीदवारों की भी घोषणा करेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व दिल्ली के प्रभारी संजय झा का कहना है कि राजधानी में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों की समस्याओं पर किसी भी पार्टी ने ध्यान नहीं दिया है। सभी ने इन्हें वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है। चुनाव में इनसे वादे तो किए जाते हैं लेकिन बाद में इनकी कोई सुध नहीं लेता है।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव में भाजपा का 'पंच परमेश्वर' प्लान, रामलीला मैदान से शाह करेंगे शंखनाद
विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी का समर्थन किया था लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर भाजपा का शासन है। इस दौरान निगम में भ्रष्टाचार बढ़ा है। लोगों के काम नहीं हो रहे हैं और सफाई व्यवस्ता चरमरा गई है। अब लोगों की नाराजगी से बचने के लिए भाजपा ने अपने सभी मौजूदा पार्षदों को टिकट नहीं देने का एलान किया है।