नकली नोटों के साथ धरे गए 3 तस्कर, 1.40 लाख नकली करेंसी बरामद
फजर हरियाणा में पेपर और प्रिंटर की मदद से नोटों की छपाई करता था। बाद में हकीकत और तहसीन इन नोटों को असली नोटों के साथ मिलाकर बाजार में चला देते थे।
नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नकली नोटों का धंधा करने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तीनों खुद नकली नोट छापकर उसे दिल्ली व उत्तर प्रदेश में आपूर्ति करते थे। इनके पास से 100-100 के 1.40 लाख नकली नोट के अलावा नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उच्च गुणवत्ता वाले रंगीन प्रिंटर, स्कैनर व उच्च गुणवत्ता वाले कागजात बरामद हुए हैं।
पुलिस इन्हें रिमांड पर लेकर नकली नोटों के धंधे से जुड़े आरोपियों के बारे में पता करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने इनके पास से अपराध में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली है।
संयुक्त आयुक्त अपराध शाखा प्रवीर रंजन के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हकीकत चौहान, तहसीन व फजर हैं। फजर हरियाणा में पेपर और प्रिंटर की मदद से नोटों की छपाई करता था। बाद में हकीकत और तहसीन इन नोटों को असली नोटों के साथ मिलाकर बाजार में चला देते थे।
यह भी पढ़ें: नौकरी के नाम किराए की कोख का खेल, मना करने पर जबरन किया जाता था दुष्कर्म
प्रवीर रंजन के मुताबिक कुछ दिनों से क्राइम ब्रांच के उत्तरी रेंज को सूचना मिल रही थी कि राजधानी में कुछ लोग 100-100 के नकली नोटों का धंधा कर रहे है। पुलिस टीम इसका पता लगा ही रही थी कि शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि हकीकत व तहसीन वेरना कार से नकली नोटों को लेकर मेरठ की तरफ जाने वाले हैं। वजीराबाद फ्लाईओवर, रिंग रोड के पास सुबह 11 बजे कार सवार दोनों आरोपियो को दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर कार से 90 हजार रुपये बरामद हुए। दोनों से पूछताछ से पता चला कि एक लाख नकली नोट सप्लाई करने पर उन्हें 15 हजार रुपये का फायदा होता था।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: लाखों की धोखाधड़ी में सपा नेता साथी समेत गिरफ्तार