जेल जाने के बजाए प्रेमी की खुल गई लाटरी, रात में हो गया निकाह का कबूलनामा
प्रेमी को बेटी के साथ घर में देख पहले पिता आग बबूला हो गया। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज की कि बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ है। लेकिन रात में पहुंची पुलिस वहां का नजारा देख दंग रह गई। परिवार में निकाह की तैयारी चल रही थी।
नई दिल्ली (जेएनएन)। भारत नगर इलाके के जेजे कॉलोनी वजीरपुर में शनिवार को एक मामला सामने आया। एक पिता ने शाम 5 बजे को पुलिस को कॉल कर बेटी संग दुष्कर्म होने की शिकायत दर्ज कराई। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि समाज के लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर पीड़िता का आरोपी युवक से निकाह करा दिया। पुलिस दोनों का निकाहनामा लेकर वापस थाने लौट आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक और लड़की एक-दूसरे को प्रेम करते हैं। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी भी हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाम को लड़की घर में अकेली थी, तभी युवक लड़की से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया।
यह भी पढ़ेंः दिल्ली में फिर दरिंदगी, नॉर्थ ईस्ट की महिला से चलती कार में रातभर गैंगरेप
बताया जा रहा है कि दोनों बातचीत कर रहे थे। युवक ने लड़की का हाथ पकड़ रखा था, तभी लड़की का पिता वहां आ गया। यह नजारा देख उसने पुलिस को कॉल कर बेटी संग दुष्कर्म की शिकायत की।
इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची तो आसपास के लोग भी वहां आ गए और दोनों पक्षों से बातचीत के बाद लड़की का युवक के साथ निकाह कराने की बात तय हुई। इसके बाद तुरंत काजी को बुला कर दोनों का निकाह करा दिया गया।
वहीं, पूछताछ में युवक ने दुष्कर्म के आरोप को बेबुनियाद बताया। लड़की ने भी बताया कि दोनों का निकाह हो गया है। पुलिस का कहना है कि जब दोनों का निकाह हो गया है, तो कार्रवाई की जरूरत नहीं है।