MCD polls: 'चाट पर चर्चा’ से चुनाव जीतेगी कांग्रेस, सिद्धू भी होंगे शामिल
दिल्ली कांग्रेस जनसमस्याओं के समाधान पर आज लोगों के साथ भरत नगर में ‘चाट पर चर्चा’ आयोजित करेगी।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली नगर निगम चुनाव 2017 में जुटी कांग्रेस आज से ‘दिल्ली की बात दिल के साथ’ अभियान की शुरुआत करेगी। चुनाव प्रचार की कवायद के तहत कांग्रेस कुछ दिन पहले कई केंद्रों से फेसबुक लाइव से प्रचार अभियान की शुरुआत कर चुकी है। इसी कड़ी में आज से एक मशहूर चाट वाले की दुकान पर कांग्रेस नेता ‘चाट पर चर्चा’ करेंगे।
इसके तहत कांग्रेस दिल्ली में खाने-पीने की मशहूर जगहों के अलावा सुबह के वक्त पार्कों में प्रचार करेगी। फल और सब्जी मंडियों में भी कांग्रेस नेता जाएंगे। कांग्रेस अपने पांच बड़े नेताओं के अनुभव का इस्तेमाल करेगी।
वहीं, कूड़ा-कचरा के प्रबंधन का प्लान पूर्व पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश पेश करेंगे, जबकि नगर निगम के स्कूलों और अस्पतालों को सुधारने का खाका शशि थरूर और सलमान खुर्शीद तैयार करेंगे। साथ ही दिल्ली में होने वाले एमसीडी चुनाव में कांग्रेस की तरफ से पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी प्रचार करेंगे। 30 मार्च को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव प्रचार करेंगे।
एमसीडी चुनाव से संबंधित खबरों के लिए क्लिक करें
हालांकि जिस तरह से पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो गया, ऐसे में सवाल है कि क्या 'दिल्ली की बात दिल के साथ' अभियान के जरिए कांग्रेस दिल्ली वालों के दिल में फिर से अपनी जगह बना पाएगी?
यह होगा कार्यक्रम
दिल्ली कांग्रेस जनसमस्याओं के समाधान पर आज लोगों के साथ भरत नगर में ‘चाट पर चर्चा’ आयोजित करेगी। इसमें दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन शाम 4 बज से 5 बजे तक ‘चाट पर चर्चा’ कार्यक्रम में नगर निगम की समस्याओं और इनके समाधान पर जनता से सीधा संवाद करेंगे।