दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश व सर्द हवाएं करेंगी परेशान
26 जनवरी को शाम और रात के वक्त बारिश होने की संभावना है। 27 जनवरी से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली में एक बार फिर घने कोहरे व ठंड लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। 22 से 27 जनवरी के बीच आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और तापमान में गिरावट भी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत में दस्तक देगा, जिससे मौसम का मिजाज बदल सकता है।
दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण चक्रवाती हवाओं का एक सिस्टम बनेगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालय तक पहुंचेगा। 23 जनवरी से 28 जनवरी तक इससे मौसम पर असर पड़ेगा। इसकी वजह से काफी ज्यादा बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड, कोहरे से रेल व हवाई यातायात प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, नॉर्थ राजस्थान जैसे राज्यों में 25 से 27 जनवरी के दौरान बारिश हो सकती है। 25 जनवरी को सुबह बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली में इस हफ्ते 27 जनवरी तक अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 14 डिग्री रहने का अनुमान है।
26 जनवरी को शाम और रात के वक्त बारिश होने की संभावना है। 27 जनवरी से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 27 जनवरी के बाद एक बार फिर जनवरी में शीतलहर चल सकती है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी होने के आसार हैं। इस बर्फबारी से उत्तर की दिशा से नमी वाली ठंडी हवाएं दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में पहुंच सकती हैं। इन हवाएं के कारण तापमान कम होगा।