राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी से हुआ था सामूहिक दुष्कर्म
राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली मॉडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में राष्ट्रीय स्तर की 16 वर्षीय कबड्ड
राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली
मॉडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में राष्ट्रीय स्तर की 16 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने किशोरी को उसके करियर को लेकर बड़े-बड़े सब्जबाग दिखा स्टेडियम में बुलाया था। वहां इन लोगों ने पार्टी की, जिसमें सभी ने शराब पी। इसके बाद तीनों ने किशोरी को हवस का शिकार बनाया। शाम को दोबारा उसके साथ घिनौने कृत्य को अंजाम दिया गया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों नरेश दहिया, सतपाल सिंह व प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
44 वर्षीय नरेश दहिया मूलरूप से हरियाणा का रहने वाला है। दिल्ली में शाहबाद डेयरी में उसका कुश्ती का बड़ा अखाड़ा है। वह नामी कुश्ती कोच है। उसके अखाड़े का एक पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी है। सतपाल सिंह भी हरियाणा का रहने वाला है और नरेश दहिया का साथी है। वह रेलवेकर्मी है। खेल कोटे के तहत उसे नौकरी मिली है। सतपाल ही 9 जुलाई को किशोरी को अपने साथ छत्रसाल स्टेडियम में कोच से मिलवाने के बहाने लेकर गया था। तीसरा आरोपी प्रताप सिंह भी सतपाल व नरेश का दोस्त है। खेल कोटे के तहत उसे भी रेलवे में नौकरी मिली हुई है। फिलहाल पुलिस ने इनके बारे में अधिक जानकारी देने से इन्कार किया है। पुलिस के मुताबिक 9 जुलाई की सुबह छत्रसाल स्टेडियम में एक कमरे में किशोरी व तीनों आरोपियों ने पार्टी की। इस दौरान उन्होंने जमकर शराब पी। इसके बाद तीनों ने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी का आरोप है कि शाम को भी आरोपियों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। विरोध करने पर तीनों ने उसे समझा बुझाकर शांत करा दिया। घटना के बाद उन्होंने किशोरी को उसके घर छोड़ दिया। जब नशा खत्म हुआ तो किशोरी सदमे में आ गई। उसने आठ दिनों तक किसी से कुछ नहीं कहा, लेकिन 17 जुलाई को हिम्मत जुटा उसने मॉडल टाउन थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करवा दिया। चंडीगढ़ की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी अंडर 19 में राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में भाग ले चुकी है। स्टेडियम के अंदर सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने स्टेडियम प्रशासन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि स्टेडियम में छात्रावास भी है, जिसमें कुश्ती व कबड्डी का अभ्यास करने वाले खिलाड़ी रहते हैं, लेकिन किसी को भी घटना की जानकारी नहीं मिली। तीनों आरोपियों को स्टेडियम के अंदर कैसे एंट्री मिली, इन्हें किसने कमरा उपलब्ध कराया इन सवालों के जवाब मिलने अभी बाकी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को सहयोग करने में स्टेडियम के किन अधिकारियों व कर्मियों का हाथ है इस बारे में पता लगाया जा रहा है। कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
-------------------
रविवार के दिन स्टेडियम बंद रहता है। बावजूद इसके बाहरी लोगों को प्रवेश कैसे मिला, इसकी जांच की जा रही है। वैसे तीनों आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने स्टेडियम के अंदर के लोगों की संलिप्तता होने की बात पूछने पर कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया।
आशा अग्रवाल, उप निदेशक
छत्रसाल स्टेडियम