कांग्रेस की आधी से अधिक सीटों पर बनी सहमति
टिकटों की टिकटिक जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली: पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 64 वार्डों में से आ
टिकटों की टिकटिक
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली:
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 64 वार्डों में से आधी से अधिक सीटों के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने उम्मीदवार तय कर लिए हैं। लेकिन कुछ सीटों के लिए उम्मीदवार तय नहीं हो पा रहे हैं क्योंकि सर्वे रिपोर्ट और नेताओं का दबाव आमने-सामने है। जिसका पलड़ा भारी होगा व उम्मीदवार बन जाएगा। पहले सभी पार्षदों को टिकट दिए जाने की बात कही जा रही थी लेकिन कुछ पार्षदों का टिकट कटना तय माना जा रहा है। इस बार नौ सीटें युवा कांग्रेस को दिए जाने पर भी सहमति बनी है।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में कांग्रेस के चार जिले हैं। करावलनगर, बाबरपुर, कृष्णा नगर और पटपड़गंज। बाबरपुर जिले में 20 में से 18 वार्डों के लिए प्रत्याशियों का चयन कर लिया गया है। गौतमपुरी और जनता कॉलोनी सीट पर अभी असमंजस है। करावल नगर जिले की 13 सीटों में सात सीटों के लिए उम्मीदवार तय कर लिए गए हैं। इसके अलावा कृष्णा नगर जिले में भी 10 प्रत्याशियों पर सहमति बन गई है। पटपड़गंज जिले की आधी सीटों के लिए उम्मीदवार चयनित कर लिए गए हैं।
तीन से चार पार्षदों के कट सकते हैं टिकट
कांग्रेस ने पहले कहा था कि सभी पार्षदों को टिकट दिया जाएगा लेकिन सीटों के परिसीमन की वजह से कई सीटों की स्थिति इस तरह हो गई है कि कुछ पार्षदों को टिकट देने की स्थिति नहीं बन रही है। इसके अलावा कुछ पार्षदों का रिपोर्ट कार्ड खराब आया है। जिससे उनकी टिकट भी कटेगी।
युवा कांग्रेस के प्रत्याशियों को नौ सीटें
युवा कांग्रेस ने प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 10-10 सीटों पर दावेदारी की थी। लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम की नौ सीटों को युवा कांग्रेस के प्रत्याशियों को देने का मन बनाया है। इसमें तीन सीटों पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पत्नियां चुनाव लड़ेंगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार दिलशाद गार्डन, जौहरीपुर, वेलकम, कर्दमपुरी, घोंडा, शकरपुर, आंनद विहार और रघुवरपुरा से युवा कांग्रेस के प्रत्याशियों को टिकट देने का मन बनाया गया है। हालांकि इसमें कुछ सीटों पर बदलाव भी हो सकता है।