सीएनजी में शवदाह कराने का आग्रह
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन द्वारा केन्द्रीय पर्यावरण
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली:
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन द्वारा केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री को पत्र लिखकर हिन्दू शवदाह संस्कार नीति बनाकर सीएनजी से संस्कार करवाने का आग्रह किया गया है। अखण्ड भारत मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप आहूजा ने पर्यावरण के रक्षार्थ हुसैन का समर्थन करते हुए कहा कि विश्व में शवों को दफनाने का चलन समाप्त हो रहा है। इसका कारण भूमि का अनावश्यक अधिग्रहण और भूमि की गुणवत्ता का खराब हो जाना है। उन्होंने कहा कि यूरोप में तो 73 फीसद शवों को जलाया जाने लगा है। शवों को गाड़ने से जमीन में सोडियम की मात्रा 2000 फीसद बढ़ जाती है, जिससे भूमि कई वर्षो तक किसी काम की नही रहती है। जमीन मे गड़े शवों के सड़ने से बैक्टिरिया जमीनी पानी में मिलने का खतरा बना रहता है। आहूजा ने कहा कि दिल्ली में कम होती भूमि और विश्व के बदलते स्वरुप को देखते हुऐ दिल्ली के पर्यावरण मंत्री से गुजारिश है कि वे एक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन करें। जिसमे अखण्ड भारत मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता एक साथ शपथ लेने आएंगे। लेकिन शर्त केवल एक है कि हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई एक साथ व मंत्री इमरान हुसैन भी सीएनजी शवदाह संस्कार की शपथ लेंगें। इससे सौहार्द भी बढ़ेगा और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प भी पूरा हो जाएगा। आहूजा ने कहा कि हम तो प्रधानमंत्री से मांग करने वाले हैं कि भारत के सभी निवासियों के शवों को सीएनजी शवदाह गृह में ही संस्कार किया जाए।