नर्स के साथ दुष्कर्म के आरोप में डॉक्टर गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : आदर्श नगर इलाके में नर्स के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली :
आदर्श नगर इलाके में नर्स के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर पर आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ न केवल कई बार दुष्कर्म व कुकर्म किया, बल्कि उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली थी।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय पीड़ित की शादी हरियाणा में वर्ष 2006 में हुई थी, लेकिन चार साल बाद ही उसका पति से तलाक हो गया था। इसके बाद वह नर्सिग की ट्रे¨नग लेने लगी थी। इसी दौरान उसका परिचय आरोपी डॉक्टर अरुण कुमार से हुई थी। पहले दोनों में दोस्ती हुई और फिर यह प्यार में बदल गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ शादी करने का वादा किया और उसके साथ वह शारीरिक संबंध बनाता रहा, लेकिन जब वह उस पर शादी करने का दबाव देती थी तो वह टाल देता था। जब बहुत दबाव डाला तो उसके घर में ही उसके साथ शादी करने का नाटक किया और उसके साथ ही रहने लगा था। उसने यह भरोसा दिया था कि वह समाज के सामने उससे शादी करेगा और अपने घर ले जाएगा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उसने ऐसा नहीं किया। इस बीच आरोपी ने उसे बताया कि उसकी शादी एक डॉक्टर लड़की से तय हो गई और वह उससे ही शादी करेगा। ऐसे में वह उसके रास्ते में न आए, जिससे अवसाद में आकर उसने आत्महत्या करने की भी कोशिश की।
बाद में पीड़ित उस लड़की से मिली और उसे घटना की सारी जानकारी दी।
पीड़ित का कहना है कि जब आरोपी को इस बात की जानकारी मिली तो परिवार के सदस्यों के साथ उसके घर पर आकर उसने जान से मारने की धमकी दी। इसके चलते उसने पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पीड़ित की मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।