स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो का हुआ समापन
जासं, नई दिल्ली: प्रगति मैदान में आयोजित दूसरे स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो -2016 का शुक्रवार को समापन
जासं, नई दिल्ली: प्रगति मैदान में आयोजित दूसरे स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो -2016 का शुक्रवार को समापन हो गया। 11 मई से शुरू होकर तीन दिन तक चलने वाले इस एक्सपो में 10 हजार से ज्यादा आगंतुकों ने शिरकत की। कार्यक्रम के अंतिम दिन स्मार्ट सिटी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, स्मार्ट शहरी योजना और स्मार्ट विलेज की अवधारणा पर अलग-अलग सत्र में सेमिनार व कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। सेमिनार के दौरान विशेषज्ञों ने स्मार्ट सिटी के लिए उन्नत तकनीक के उपयोग और इससे जुड़ी जानकारियों को लोगों के बीच साझा किया। वहीं स्मार्ट विलेज कॉन्क्लेव में देश भर से आए पंचायती सदस्यों व प्रधानों ने गांव की स्थिति और समस्याओं पर चर्चा की। मालूम हो कि स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो में भारत सहित 40 देशों की 325 कंपनियों ने हिस्सा लिया। एक्सपो में स्मार्ट सिटी में प्रयुक्त होने वाले आधुनिक उपकरण, तकनीक व वाहन इत्यादि प्रदर्शित किए गए थे। इसके प्रति विदेशी आयोजक ने खासी दिलचस्पी दिखाई। पवेलियन नंबर-4 में विशेष तौर से पोलैंड, ताइवान व स्वीडन सहित चार विदेशी देशों के स्टॉल लगाए गए थे। वहीं एक्सपो के दौरान अलग-अलग दिन अलग-अलग विषय पर 46 कांफ्रेंस सेशन भी आयोजित किए गए। 11 मई को इसका उद्घाटन संयुक्त रूप से केंद्रीय रेलवे मंत्री सुरेश प्रभु बिजली और कोयला व ऊर्जा राज्य मंत्री पीयूष गोयल ने किया था।