राहुल गांधी के हैदराबाद विश्वविद्यालय जाने से नाराज ABVP किया प्रदर्शन
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के 12 दिनों में दूसरी बार हैदराबाद विश्वविद्यालय पहुंचने और छात्रों के साथ भूख हड़ताल में शामिल होने से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नाराज है।
नई दिल्ली। हैदराबाद विश्वविद्यालय के शोध छात्र रोहित वेेमुला की खुदकुशी के बाद राजनीति थमती दिखाई नहीं दे रही है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के 12 दिनों में दूसरी बार हैदराबाद विश्वविद्यालय पहुंचने और छात्रों के साथ भूख हड़ताल में शामिल होने से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नाराज है।
शनिवार को राहुल के हैदराबाद विश्वविद्यालय में करीब ढाई घंटे तक भूख हड़ताल पर बैठने से नाराज एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आज दिल्ली में प्रदर्शन कर पुतला फूंका।
यहां पर याद दिला दें कि रोहित वेमुला के साथ हॉस्टल से निकाले गए चार अन्य दलित छात्र इन दिनों भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। शनिवार सुबह राहुल गांधी ने इन छात्रों के साथ भूख हड़ताल पर बैठे और उनके साथ मंच साझा किया।
इससे पहले रोहित मामले में न्याय की मांग कर रहे अनशनकारी छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए राहुल ने छात्रों से मुलाकात की। इसके अलावा राहुल छात्रों के कैंडलमार्च में भी शामिल हुए थे।
इस मौके पर उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित रोहित की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि भी दी थी। राहुल गांधी ने छात्रों के साथ चर्चा कर रात गुजारी थी।
पुलिस ने विश्वविद्यालय में राहुल गांधी के काफिले को रोकने की कोशिश कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था।