मोटापे से शरीर में हो रही है विटामिन डी की कमी
रणविजय सिंह, नई दिल्ली अक्सर लोग मोटापे को सेहतमंद होने का पैमाना समझते हैं। लेकिन ऐसी गलती नही
रणविजय सिंह, नई दिल्ली
अक्सर लोग मोटापे को सेहतमंद होने का पैमाना समझते हैं। लेकिन ऐसी गलती नहीं करें। क्योंकि मोटापा ऐसा दुश्मन है जो शरीर को धीरे-धीरे कुंद कर देता है और हर तरह नुकशान पहुंचाता है। एम्स के डॉक्टर मोटापे का योग और विटामिन डी से संबंध तलाशने के लिए एक शोध कर रहे हैं। जिसमें प्राथमिक स्तर पर यह बात समाने आई है कि मोटापा शरीर में विटामिन डी को कम करता है। अर्थात लोगों में विटामिन डी की कमी का एक कारण मोटापा भी है। यह सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
डॉक्टरों ने यह भी पाया है कि योग करने से शरीर में विटामिन डी की मात्रा बढ़ती है। लेकिन अभी यह शोध पूरा नहीं हुआ है। इस शोध को पूरा होने में अभी कुछ वक्त लगेगा। लेकिन इसके शुरुआती परिणाम से लोग सबक ले सकते हैं। एम्स के इंडोक्रिनोलॉजी व फिजियोलॉजी विभाग के डॉक्टर मिलकर यह शोध कर रहे हैं। फिजियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजकुमार यादव ने कहा कि इंडोक्रिनोलॉजी विभाग के डॉ. राजेश खड़गावत के साथ मिलकर यह अध्ययन किया जा रहा है।
शुरुआत में 35 लोगों पर अध्ययन किया गया। पहले दस दिन तक इन्हें योग कराकर देखा गया, जिसमें पाया गया कि नियमित योग करने से मोटापा कम होता है। दस दिन में ही ज्यादातर लोगों का वजन एक से दो किलोग्राम कम हो जाता है। अध्ययन में पाया गया है कि वजन कम होने पर शरीर में विटामिन डी की मात्रा बढ़ती है। इसके अलावा यह पाया गया है कि मोटापे के चलते शरीर में विटामिन डी कमी हो जाती है। अध्ययन में शामिल लोगों को विटामिन डी खिलाकर उसके प्रभाव का आकलन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि देश में विटामिन डी की कमी बड़ी समस्या बनकर उभर रही है। करीब 85 फीसद लोगों में विटामिन डी की कमी है। साथ ही दिल्ली सहित महानगरों के लोगों में मोटापा भी बढ़ रहा है। फास्ट फूड और जंक फूड के इस्तेमाल के चलते बच्चों में मोटापा बढ़ रहा है। ऐसे में विटामिन डी की कमी का खतरा और बढ़ रहा है। विटामिन डी की कमी से बच्चों में सूखा रोग (रिकेट), मल्टीपल स्कोलोरोसिस, मधुमेह, हृदय की बीमारी, स्तन कैंसर, ब्लाडर कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, हड्डियां कमजोर होना, ओस्टियोपोरोसिस, कुल्हे का फ्रैक्चर आदि बीमारियां होती हैं। ऐसे में जीवन शैली को सेहत के अनुकूल बनाना जरूरी है।