यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : किसानों की उपेक्षा और उनके साथ भेदभाव पूर्ण रवैये को लेकर दिल्ली
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : किसानों की उपेक्षा और उनके साथ भेदभाव पूर्ण रवैये को लेकर दिल्ली यूथ कांग्रेस ने रविवार को केन्द्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ नरेला पुरानी अनाज मंडी में प्रदर्शन किया। इसमें प्रधानमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ किसान विरोधी होने के नारे लगाए गए। यूथ कांग्रेस ने भारत सरकार के अधीन भारतीय खाद निगम द्वारा नरेला अनाज मण्डी में किसानों से अनाज खरीदने से मना करने पर केन्द्र सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा बारिश से फसल बर्बाद होने पर मुआवजा देने को लेकर उन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित मलिक के साथ अनेकों कार्यकर्ताओं ने दोनों सरकारों के खिलाफ किसान विरोधी होने के नारे लगाए। मलिक ने कहा कि किसानों के साथ वादाखिलाफी और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने के लिए इतिहास मोदी सरकार को कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले हजारों सुरक्षित भण्डार बनाने का वादा करने वाले नरेन्द्र मोदी आज किसानों को ही भूल गए हैं। उन्होंने अर¨वद केजरीवाल को भी झूठा करार देते हुए कहां कि मुख्यमंत्री ने किसानों की हमदर्दी लेने के लिए किसानों को मुआवजा देने की घोषणा तो कर दी, लेकिन अब तक नरेला, मुंडका, बवाना और इसके आसपास के इलाकों के किसानों से संपर्क तक नहीं किया गया है। उन्होंने केन्द्र और दिल्ली सरकार को जल्द ही किसानों के हितों में योजनाओं को लागू करने और पिछले वादों को पूरा नहीं करने पर यूथ कांग्रेस द्वारा उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। धरना से पूर्व यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नेपाल और भारत में भूकंप के कारण मौत के शिकार हुए लोगों के सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा।