अच्छे दिन आने के झूठे सपने दिखा रहे हैं मोदी : मायावती
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती चुनाव प्रचार के लिए
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती चुनाव प्रचार के लिए शुक्रवार को पालम विधानसभा क्षेत्र स्थित द्वारका सेक्टर-एक डीडीए ग्राउंड पहुंचीं। वहां आयोजित सभा में उन्होंने भाजपा व कांग्रेस के साथ ही आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया। सभी पार्टियों की बहुजन समाज की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसे। आप से भ्रष्टाचार का मुद्दा भी छीन लिया। उन्होंने कहा कि देश में करीब 60 वर्ष कांग्रेस ने शासन किया, लेकिन उसने गरीब व मजबूर व्यक्ति की अनदेखी की। नरेंद्र मोदी लोगों को अच्छे दिन आने के झूठे सपने दिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले भ्रष्टाचार मिटाने सहित कई वादे किए थे। उन्होंने कहा था कि विदेश से देश का काला धन वापस लाया जाएगा। उन्होंने इस राशि से हर गरीब परिवार के खाते में 15-15 लाख रुपये डालने की बात कही थी। केंद्र में भाजपा की सरकार बने आठ माह बीत चुके हैं। न तो काला धन वापस आया और न ही गरीब लोगों को रुपये मिले। अन्य वादे को भी भाजपा पूरा नहीं कर पाई है। आप पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी बहुजन समाज के विरोधी हैं। पिछले 60 वर्षो में कांग्रेस व भाजपा ने निजी क्षेत्र में आरक्षण को लागू नहीं किया। अरविंद केजरीवाल तो आरक्षण विरोधी हैं, जबकि बसपा निचली जाति के साथ ही उच्च वर्ग के गरीब लोगों को आरक्षण देने की पक्षधर है। मायावती ने कहा कि दिल्ली में सभी सीटों पर बसपा पूरी मजबूती से लड़ रही है। उनका किसी पार्टी से कोई समझौता नहीं है। पालम में उन्होंने समाज से जुड़े व्यक्ति रणवीर सिंह सोलंकी को टिकट दिया है। उम्मीद है दिल्ली की जनता इस विधानसभा चुनाव में अच्छे व काम करने वालों को जिताएगी। इस मौके पर बिजवासन, महिपालपुर व दक्षिण दिल्ली के तमाम प्रत्याशी कार्यक्रम में मौजूद रहे।