सिविक सेंटर के बाहर अस्थायी कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : करार अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर नगर निगम दक्षिणी के अस्थायी मलेरिया कर
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : करार अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर नगर निगम दक्षिणी के अस्थायी मलेरिया कर्मचारियों ने सिविक सेंटर के बाहर प्रदर्शन किया। अस्थायी कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम के उच्चाधिकारियों से भी मिला। कर्मचारियों ने कहा कि नजफगढ़ जोन में उनसे महज सात माह का करार किया जाता है, शेष पांच माह वह बेरोजगार रहते हैं। दिल्ली के अन्य नगर निगमों में इस पद पर तैनात अस्थायी कर्मचारियों को वर्ष में 364 दिन रोजगार मिलता है।
कर्मचारी मिथुन का कहना है कि वेतनमान में भी विसंगतियां हैं। नगर निगम उत्तरी में अस्थायी मलेरिया कर्मचारियों को प्रतिमाह 14 हजार रुपये का भुगतान किया जाता है, जबकि नगर निगम दक्षिणी में महज 8554 रुपये मिलते हैं। कर्मचारियों के मुताबिक नगर निगम दक्षिणी के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. डीएन सिंह ने उनकी मांगों पर दो दिनों में विचार करने का आश्वासन दिया है।