कबाड़ गोदाम सहित पांच घरों में लगी आग
जासं, पश्चिमी दिल्ली : निहाल विहार इलाके में सोमवार रात 11 बजे प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई।
जासं, पश्चिमी दिल्ली : निहाल विहार इलाके में सोमवार रात 11 बजे प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। आग ने तुंरत भीषण रूप ले लिया। चंद मिनटों में ही आग ने आसपास के पांच मकानों को भी चपेट में ले लिया। आग से आसपास के कुछ पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा। बाद में लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग व पुलिस को दी। इसके बाद अग्निशमन की 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि आग से लाखों का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक निहाल विहार के कमरुद्दीन नगर में प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में रखा ज्यादातर सामान जलकर नष्ट हो गया।