गंदगी की चपेट में खजूरी का नया थाना
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : गंदगी व बदहाली खजूरी इलाके के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। यहां एक स्थान पर लोगों को गंदगी से निजात मिल पाती है, तो दूसरे स्थान पर बदहाली का जमावड़ा हो जाता है। इस बार गंदगी की चपेट में खजूरी का नवनिर्मित थाना है। इस थाने का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, वहीं स्थानांतरण का काम अभी बाकी है, मगर गंदगी ने यहां भी अपना कब्जा जमाना शुरू कर दिया है। इस सड़क पर गंदगी का यह आलम काफी दूरी तक लगातार बना हुआ है।
करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के खजूरी इलाके में गंदगी के चलते लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खजूरी पुस्ते से सोनिया विहार की ओर जाने वाले इस संपर्क मार्ग का आधा हिस्सा गंदगी की जद में है। यहां से कुछ ही दूरी पर नए थाने में खजूरी खास सब डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त का कार्यालय है। इसके दूसरी ओर बीएसईएस का शिकायत केंद्र भी मौजूद है, मगर यह सड़क धीरे-धीरे डलावघर में तब्दील होती जा रही है। ऐसे में राहगीरों को सर्वाधिक मुश्किलों सर्वाधिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
क्या है गंदगी का कारण
शुरुआत में यहां रविवार को बाजार लगने के कारण थोड़ा बहुत कचरा जमा होने लगा, जिसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने यहां कचरा डालना शुरू किया। इसके बाद आसपास के इलाके के डेयरी संचालकों ने यहां गोबर डालना शुरू कर दिया। अब तो आलम यह है कि खुद एमसीडी की गाड़ियां भी यहीं कचरा उड़ेल कर चली जाती हैं। जब विभागीय कर्मचारी ही इस तरह की लापरवाही बरतेंगे तो दूसरों से क्या उम्मीद की जा सकती है।
कोट्
विभाग की ओर से अब नए तरीके से सफाई अभियान की शुरुआत की जा रही है। सरकारी भूमि पर कचरे की स्थिति मिलती है, उसका निरीक्षण करा समाधान कराया जाएगा। वहीं निजी भूमि पर गंदगी पाई जाती है तो नोटिस जारी होंगे, जिसमें जिम्मेदार लोगों को खुद कचरा हटाने को कहा जाएगा।
- अल्का शर्मा, उपायुक्त, नगर निगम शाहदरा उत्तरी क्षेत्र।