कंप्यूटरीकृत होंगी सरकारी राशन की दुकानें
ममता सिंह, नई दिल्ली
खाद्य आपूर्ति विभाग राजधानी की सभी सरकारी राशन की दुकानों को कंप्यूटरीकृत करने की तैयारी में है। इसके तहत दुकानों में बायोमेट्रिक डिवाइस लगाया जाएगा। विभाग सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के माध्यम से इन पर नजर भी रखेगा। इस योजना को शुरू होने में तीन से चार महीने लग सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत निम्न आय वर्ग के लोगों को सस्ती दर पर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग को मिली सूचना के मुताबिक नेशनल फूड सिक्योरिटी कार्ड जारी करने के बावजूद कई डीलर अभी भी फर्जी कार्डो पर राशन की बिक्री करने में लगे हैं। ऐसे डीलरों पर नजर रखने के लिए विभाग राशन की दुकानों को कंप्यूटरीकृत करने की योजना में है। विभाग के सचिव व आयुक्त सज्जन सिंह यादव ने बताया कि कुल 2400 राशन की दुकानों को कंप्यूटर से जोड़ा जाएगा। यहां बायोमेट्रिक कार्ड भी लगाए जाएंगे। सभी कंप्यूटर सेंट्रलाइज्ड सिस्टम से जुड़े होंगे, जिस पर विभाग की नजर होगी।
योजना के मुताबिक राशन की दुकान पर जब कोई ग्राहक आएगा तो पहले बायोमेट्रिक कार्ड पर अंगुली की छाप दर्ज होगी। इससे यह पता चल सकेगा कि उसका नेशनल फूड सिक्योरिटी कार्ड है या नहीं। उसके द्वारा लिए गए राशन की सारी जानकारी भी कंप्यूटर पर उपलब्ध करानी होगी। सभी सरकारी राशन की दुकानों द्वारा प्रति दिन जारी किए गए राशन की सारी जानकारी विभाग को मिलेगी। इससे यह भी पता चल सकेगा कि किस डीलर के यहां राशन की बिक्री नहीं हुई है। सज्जन सिंह यादव ने बताया शुरुआत में विभाग ने राजधानी की दो सरकारी राशन की दुकानों को कंप्यूटरीकृत किया था। यह प्रयोग सफल रहा है, इससे इस प्रणाली को सभी दुकानों पर लागू करने की तैयारी चल रही है।