नशीला पदार्थ पिला महिला से सामूहिक दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : राजधानी में मंगलवार रात कार सवार युवकों ने महिला को नशीला पदार्थ पिला सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी महिला को बेहोशी की हालत में हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास कार से फेंक कर फरार हो गए। बुधवार तड़के किसी राहगीर ने बेहोशी की हालत में उसे देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने महिला को एम्स में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी महिला के जानकार हैं। हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला (24) अपने बेटे व पति के साथ गीता कॉलोनी में रहती है। मंगलवार शाम वह अपने दो दोस्तों के साथ फिल्म देखने के लिए घर से निकली थी। महिला ने आरोप लगाया कि कार सवार उसके दोस्तों ने रास्ते में पेय पदार्थ पीने के लिए दिया। उसे पीते ही वह बेहोश हो गई। इसके बाद उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के समीप प्रीपेड बूथ पर फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि महिला काफी देर तक वहां बेहोश पड़ी रही। पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने बताया कि महिला को बेहोशी की हालत में एम्स में भर्ती कराया गया था। होश में आने पर उसने बयान दिया कि दो परिचितों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने आरोपियों के नाम एवं पते भी बताए हैं। पुलिस ने नाम और पता बताने से इन्कार किया है।