पेटा के सदस्यों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
जानवरों पर परीक्षण कर तैयार किए जा रहे उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर पेटा के सदस्यों ने शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर व पोस्टर लिए प्रदर्शन कर रहे सदस्यों ने जानवरों पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए जमकर नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उपभोक्तावाद को बढ़ावा देने के लिए जानवरों पर हो रहे अत्याचार को रोकने की जरूरत है। प्रदर्शनकारी सदस्यों के मुताबिक जानवरों पर अत्याचार करके विभिन्न उत्पाद बनाए जा रहे हैं। वहीं कई उत्पादों का परीक्षण भी जानवरों पर किया जाता है। इसमें कई बार जानवरों की जान भी चली जाती। प्रदर्शन कर रहे पेटा सदस्यों ने लोगों से ऐसे उत्पाद इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। साथ ही सरकार को भी इस तरह के उत्पादों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।