किरण बेदी ने कहा, भाजपा व 'आप' मिलकर बनाएं सरकार
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली में सरकार को लेकर असमंजस के बीच आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की पूर्व सहयोगी एवं पूर्व आइपीएस अधिकारी किरण बेदी ने कहा है कि भाजपा को 'आप' से मिलकर सरकार बनानी चाहिए।
बेदी ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए कहा है कि भाजपा और 'आप' के मुद्दे एक जैसे थे और दोनों मिलकर जनता को बेहतर सरकार दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम के तहत यह सरकार बने। उन्होंने दोनों पार्टियों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने का भी सुझाव दिया।
हालांकि बेदी के इस प्रस्ताव को भाजपा ने गंभीरता से नहीं लिया है। प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि बेदी का प्रस्ताव भाजपा को नहीं मिला है, लेकिन भाजपा 'आप' से मिलकर सरकार नहीं बनाना चाहती है। गोयल ने कहा कि न तो भाजपा 'आप' को समर्थन दे जा रही है और ना ही उससे समर्थन लेने जा रही है। हालांकि गोयल ने भविष्य में यह समझौता हो सकता है या नहीं, इस पर कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के नेता सरकार बनाने के लिए 'आप' या कांग्रेस के किसी भी नेता से संपर्क में नहीं हैं। इस मामले में 'आप' के नेता झूठ बोल रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर