भाजपा और अकालियों के बीच चौड़ी हुई खाई
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिरोमणि अकाली दल (बादल) की दिल्ली इकाई ने भाजपा पर उसकी ताकत को कमतर आंकने का आरोप लगाते हुए 16 सीटों पर दावा ठोक दिया है। इसके लिए पार्टी हाईकमान को सीटों की सूची भेजी गई है। इसके साथ अकाली नेताओं ने भाजपा को चुनौती दी है कि चुनाव में यह पता चल जाएगा कि दिल्ली में किसकी कितनी ताकत है।
मंगलवार को प्रेसवार्ता में शिअद (बादल) दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने कहा कि शिअद भाजपा का सबसे पुराना सहयोगी है और प्रत्येक हार जीत में साथ रहा है। पंजाब में प्रकाश सिंह बादल ने भाजपा को उनके हिस्से की सीट तथा ओहदा दिया है, लेकिन दिल्ली में भाजपा ऐसा नहीं कर रही है। उन्हें उनका हक नहीं दिया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ता अपने बल पर चुनाव मैदान में उतरना चाहते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं की भावनाओं की कद्र करते हुए सोमवार रात को पार्टी की कोर कमेटी ने बैठक में 16 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का प्रस्ताव पास कर इसकी प्रति शिअद के दिल्ली प्रभारी बलवंत सिंह रामूवालिया को सौंप दी है। अब पार्टी हाईकमान को इस संबंध में फैसला करना है। उन्हें उम्मीद है कि हाईकमान उनके फैसले पर मुहर लगाएगा।
अकाली नेताओं ने दावा किया कि यदि हरि नगर सीट से भाजपा नेता हरशरण सिंह बल्ली 1993 से लगातार तथा ओपी बब्बर तीसरी बार विधायक हैं तो यह अकालियों की वजह से संभव हो सका है। उनका कहना है कि राजौरी गार्डन से भाजपा लगातार बड़े अंतर से हारती रही है। वहीं 2008 में शिअद ने अपने चुनाव चिह्न पर यहां से उम्मीदवार उतारा और उसे मात्र 46 मतों से पराजय का सामना करना पड़ा। इसी तरह पश्चिमी दिल्ली की अन्य सीटों पर पार्टी की मजबूत स्थिति है। पार्टी ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा नगर निगम के चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। आपको बता दें कि बीते साल हुए तीनों नगर निगम के चुनाव में शिअद बादल ने कुल पांच सीटें जीती थीं।
मंगलवार की प्रेसवार्ता में प्रदेश महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, राष्ट्रीय महासचिव अवतार सिंह हित, संगठन सचिव कुलदीप सिंह भोगल सहित अन्य अकाली नेता मौजूद थे।
---------
जिन सीटों पर किया है दावा
1. मोतीनगर,
2. राजौरी गार्डन,
3. तिलक नगर,
4. हरि नगर,
5. जनकपुरी,
6. मादीपुर
7. नांगलोई,
8. शकूर बस्ती,
9. आदर्श नगर,
10. तिमारपुर,
11. शाहदरा,
12. कृष्णा नगर,
13. रोहताश नगर,
14. ग्रेटर कैलाश
15. कालकाजी
16. राजेंद्र नगर
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर