भाजपा में महिला दावेदारों की भी कतार
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा में इस बार कई महिला नेता टिकट मांग रही हैं। पिछले चुनाव में चार महिलाओं को ही भाजपा ने टिकट दिया था, लेकिन इस बार कई महिला नेताओं की दावेदारी इतनी मजबूत है कि पार्टी के लिए उनकी उपेक्षा करना आसान नहीं है।
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मटिया महल से तलत सुल्ताना, पटेल नगर से अनीता आर्य, मटियाला से कमलजीत सहरावत और राजेंद्र नगर से आशा योगी को प्रत्याशी बनाया था। हालांकि, इनमें से एक भी महिला उम्मीदवार विधायक नहीं बन पाई। इस बार दावेदारी पेश करने वालों में राष्ट्रीय सचिव वाणी त्रिपाठी, महापौर रह चुकीं आरती मेहरा, रजनी अब्बी, वर्तमान में महापौर सरिता चौधरी व मीरा अग्रवाल के नाम शामिल हैं। दो बार मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ ताल ठोक चुकी पूनम आजाद भी टिकट की मजबूत दावेदारों में से एक हैं। पूनम क्रिकेटर व भाजपा नेता कीर्ति आजाद की पत्नी हैं। प्रदेश भाजपा की महासचिव शिखा राय व वरिष्ठ नेता सुधा शर्मा भी दावेदारों की सूची में हैं।
इतना ही नहीं, पार्टी की सक्रिय महिला नेताओं के अलावा कुछ बड़े नेता अपनी पत्नियों के लिए भी टिकट मांग रहे हैं। अगर उनका दांव चला तो महिला दावेदारों की सूची अधिक बड़ी हो सकती है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसलिए अलग अलग समितियों में महिलाओं को लिया गया है। हालांकि, टिकट देने से पूर्व उनकी सक्रियता व काम को भी आधार बनाया जाएगा।
बॉक्स-----------
किरण खेर व स्मृति ईरानी की फोटो ले सकते हैं।
शीला के खिलाफ कौन?
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ भाजपा किसे उम्मीदवार बनाए, इस पर गहन मंथन का दौर चल रहा है। उनके खिलाफ पार्टी ग्लैमर का इस्तेमाल करने पर भी विचार कर रही है। इसके लिए पार्टी से जुड़ी दो अभिनेत्रियों किरण खेर व स्मृति ईरानी के नाम पर विचार किया गया है, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर