मुख्यमंत्री के दावे झूठ का पुलिंदा: भाजपा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा छत्रसाल स्टेडियम में दिए गए भाषण पर विपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के दावों को झूठ का पुलिंदा बताया।
दिल्ली विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के सरकारी कार्यक्रम में दीक्षित द्वारा भाजपा की आलोचना आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में राजधानी में 70 फीसद लोग पानी, बिजली और सीवर की सुविधाओं से महरूम हैं।
दिल्ली अपराध की राजधानी बन गई है और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, लेकिन मुख्यमंत्री सच्चाई को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री के दावे झूठे हैं। वह जमीनी सच्चाई से दूर हवाई किले में रहती हैं। गोयल ने बिजली बिल को लेकर मुख्यमंत्री की टिप्पणी को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की प्रगति नहीं हुई है, बल्कि कांग्रेसी नेताओं की मिलीभगत से दिल्ली सरकार के भ्रष्ट अधिकारियों की प्रगति हुई है।
वहीं, उत्तरी दिल्ली नगर निगम में सदन के नेता डॉ. महेन्द्र नागपाल का कहना है कि मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों से ज्यादा विपक्ष को निशाने पर रखकर बातें की हैं। उन्होंने कहा कि सौ दिन में मंहगाई कम करने का दावा करने वाली सरकार गरीबों का मजाक उड़ा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर