प्लास्टिक की फैक्टरी में आग से लाखों का माल राख
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : इंद्रलोक इलाके में सोमवार की सुबह प्लास्टिक की फैक्टरी में आग लग गई। प्लास्टिक का सामान भरे होने से आग तेजी से फैक्टरी की चारों मंजिल पर फैल गई। हालांकि, इससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फैक्टरी में काम कर रहे लोग समय रहते निकल जान बचाने में सफल रहे। आग की सूचना के बाद दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गई। अग्निशमनकर्मियों ने तकरीबन छह घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया। इस घटना में लाखों का माल जलने की आशंका जताई जा रही है। वहीं आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि इंद्रलोक के शहजादा बाग स्थित प्लॉट संख्या 198 पर चार मंजिला प्लास्टिक की फैक्टरी स्थित है। सोमवार सुबह फैक्टरी में काम चल रहा था। तभी 250 गज में फैली फैक्टरी की इमारत के भूमिगत तल में आग लग गई। वहां प्लास्टिक के सामान रखे हुए थे। नतीजतन, आग तुरंत ऊपर की मंजिल पर फैल गई।
अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि विभाग के कंट्रोल रूम में सुबह 9.30 बजे आग के बारे में सूचना मिली थी। घटना के बाद वहां 15 गाड़ियां भेजी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय फैक्टरी में करीब दो दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। वे समय रहते फैक्टरी से निकलने में सफल रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर