जब युवराज सिंह ने एक बार फिर से तेज कर दी अंग्रेज खिलाड़ियों की धड़कनें
युवराज सिंह ने क्रिस जॉर्डन के ओवर में अंग्रेजों को उन डरावने पलों की याद दिला दी।
नई दिल्ली, भारत सिंह। भारत के धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम से अंग्रेजों का खेमा सबसे ज्यादा घबराता है। इसकी वजह है युवराज सिंह के स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में लगाए गए छह छक्के। इन छक्कों को कोई क्रिकेट प्रेमी नहीं भूला होगा।
बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ युवराज सिंह ने क्रिस जॉर्डन के ओवर में अंग्रेजों को उन डरावने पलों की याद दिला दी। यह मामला 2007 विश्व कप का है, जब भारत ने युवी के छह छक्कों की मदद से इंग्लैंड के खिलाफ 218 रनों का पहाड़ खड़ा किया था।
बुधवार को हुए मैच में एक बार फिर से अंग्रेजों की सांसें तेज हो गईं। यह इंग्लैंड का 18वां ओवर था। जानिए क्या हुआ इस ओवर में-
17.1 ओवर- जॉर्डन ने पहली गेंद धौनी को दी। धौनी ने 1 रन लेकर युवी को स्ट्राइक दी। इस ओवर में धौनी ने अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया।
17.2 ओवर- जॉर्डन की लंबी गेंद पर युवराज ने आगे निकलकर छक्का जड़ा, शानदार अंदाज में।
17.3 ओवर- जॉर्डन की फिर से स्टंप्स पर की गई गेंद को युवराज ने मैदान के बाहर पहुंचाया। छक्का।
17.4 ओवर- जॉर्डन की लेग स्टंप के बाहर की गई स्लोअर ऑफकटर पर युवराज ने बैकवर्ड स्केवयर लेग में चौका जड़ा।
17.5 ओवर- जॉर्डन की लेग स्टंप्स पर हाफ वॉली की गई डिलीवरी पर युवी ने आगे बढ़कर लॉंग ऑन पर छक्का जड़ा।
17.6 ओवर- जॉर्डन के ओवर की आखिरी गेंद यॉर्कर पर एक रन लिया और अंग्रेजों की सांस में सांस आई।
जॉर्डन के इस ओवर में 24 रन बने और भारत ने 20 ओवर खेलने के बाद इंग्लैंड के सामने 203 रनों का लक्ष्य रखा।