सत्ते पे सत्ताः अब विराट ने धौनी के इस गजब रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली
ये साबित करता है कि विराट किसी भी रूप में पूर्व कप्तान माही से कम नहीं रहने वाले।
(शिवम् अवस्थी), नई दिल्ली। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने जब से कप्तानी संभाली तब से टीम इंडिया लगातार जीत के शिखर पर चढ़ती जा रही है। इसका ये मतलब नहीं कि धौनी की कप्तानी के समय भारत ने स्वर्णिम दौर नहीं देखा लेकिन विराट ने बुधवार रात एक ऐसा रिकॉर्ड बना डाला है जो ये साबित जरूर करता है कि विराट किसी भी रूप में पूर्व कप्तान माही से कम नहीं रहने वाले।
बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे व अंतिम मुकाबले में टीम इंडिया ने 75 रन से शानदार जीत दर्ज की और विराट की अगुआइ वाली इस टीम ने 2-1 से टी20 सीरीज जीत ली। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड को टेस्ट और वनडे सीरीज में भी मात दी थी। दिलचस्प रिकॉर्ड ये है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों को मिलाकर कप्तान कोहली ने लगातार 7 सीरीज जीतने का कमाल कर दिया है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट इतिहास में ये रिकॉर्ड सिर्फ धौनी (7) के नाम दर्ज था। विराट ने अब इस मामले में धौनी की बराबरी कर ली है और अगर अगली सीरीज जीतने में सफल रहे तो धौनी को इस मामले में पीछे छोड़ देंगे।
क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
- ये हैं 'कप्तान' विराट की 7 लगातार सीरीज जीत
अगस्त 2015- श्रीलंका के खिलाफ श्रीलंका में टेस्ट सीरीज- (भारत 2-1 से जीता)
नवंबर 2015- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत में टेस्ट सीरीज- (भारत 3-0 से जीता)
जुलाई-अगस्त 2016- वेस्टइंडीज के खिलाफ वेस्टइंडीज में टेस्ट सीरीज- (भारत 2-0 से जीता)
सितंबर-अक्टूबर 2016- न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में टेस्ट सीरीज- (भारत 3-0 से जीता)
नवंबर-दिसंबर 2016- इंग्लैंड के खिलाफ भारत में टेस्ट सीरीज- (भारत 4-0 से जीता)
जनवरी 2016- इंग्लैंड के खिलाफ भारत में वनडे सीरीज- (भारत 2-1 से जीता)
जनवरी-फरवरी 2016- इंग्लैंड के खिलाफ भारत में टी20 सीरीज- (भारत 2-1 से जीता)