वॉर्न ने चुनी आइपीएल की टीम धौनी को बनाया कप्तान, जानिए और किस-किस को मिली जगह
शेन वॉर्न ने शनिवार को अपनी ऑल टाइम आईपीएल इलेवन टीम का ऐलान किया। वॉर्न ने अपनी इस टीम की कमान भारत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी है।
नई दिल्ली। विश्व के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने शनिवार को अपनी ऑल टाइम आईपीएल इलेवन टीम का ऐलान किया। वॉर्न ने अपनी इस टीम की कमान भारत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी है। वॉर्न ने अपनी फेसबुक वॉल पर इस टीम की घोषणा की। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) का यह 10वां संस्करण है। वॉर्न भी आइपीएल में राजस्थान रॉयल की कप्तानी कर चुके हैं। उन्हीं की कप्तानी में राजस्थान ने 2008 में आइपीएल के पहले संस्करण का खिताब जीता था।
वॉर्न ने धोनी की ही आइपीएल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स को मात देकर पहला आइपीएल जीता था। धौनी आईपीएल इतिहास के भी सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी वाली चेन्नई ने दो बार 2010 और 2011 में आइपीएल का खिताब जीता और चार बार उपविजेता रही। धोनी के अलावा इस टीम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली, क्रिस गेल, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा, हरभजन सिंह, लसिथ मलिंगा, कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच जैक्स कैलिस, उमेश यादव, गुजरात लांयस के ब्रैंडन मैकुलम, रवींद्र जडेजा, सनराइजर्स हैदराबाद के युवराज सिंह शामिल हैं।
पिछले दो संस्करणों से चेन्नई और राजस्थान की टीमें आइपीएल में नहीं खेल रहीं हैं। धोनी इस समय राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के लिए खेल रहे हैं। वह इससे पहले संस्करण में पुणे के कप्तान भी थे। बीते कुछ मैचों में खराब फॉर्म के कारण आलोचकों का शिकार बने धोनी का वॉर्न ने बचाव भी किया था। वॉर्न ने हालांकि आइपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में शुमार सुरेश रैना को टीम में नहीं चुना है।
आइपीएल की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें