ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेल रहे हैं धौनी, फिर भी किया यह बड़ा काम
पहला मैच पुणे में हुआ था जो ढाई दिन में ही खत्म हो गया था। इसके बाद पिच की काफी आलोचना हुई थी।
By Bharat SinghEdited By: Published: Thu, 09 Mar 2017 10:44 AM (IST)Updated: Thu, 09 Mar 2017 01:16 PM (IST)
रांची, पीटीआइ। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने बुधवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम का दौरा किया। इसी मैदान पर 16 मार्च से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच खेला जाना है। झारखंड के इस मैदान पर पहली बार खेले जाने वाले टेस्ट मैच से पहले एमएस धौनी को पिच क्यूरेटर के साथ चर्चा करते हुए भी देखा गया।
महेंद्र सिंह धौनी ने अपने गृह नगर में होने वाले इस टेस्ट मैच से पहले यहां की जा रहीं तैयारियों का जायजा लिया। झारखंड टीम के सूत्रों ने पहले कहा था कि रणजी कप्तान धौनी कोलकाता से बीसीसीआइ पुरस्कारों के लिए बेंगलुरु जाएंगे, लेकिन वह घर लौट आए और उन्होंने स्टेडियम में कुछ समय बिताया। धौनी ने इस दौरान पिच का भी जायजा लिया।
क्यूरेटर एसबी सिंह ने कहा कि वह धौनी का रूटीन दौरा था और इसका 16 से 20 मार्च के बीच होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से कोई लेना-देना नहीं है। सिंह ने कहा, 'जब धौनी यहां होते हैं, तो अक्सर स्टेडियम आते हैं और जिम में काफी समय बिताते है। आज भी उन्होंने ऐसा ही किया। उन्होंने विकेट भी देखा और अनौपचारिक बातचीत भी की।'
आपको बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जा रही है। इसका पहला मैच पुणे में हुआ था जो ढाई दिन में ही खत्म हो गया था। इसके बाद पिच की काफी आलोचना हुई थी। दूसरे टेस्ट मैच बेंगलुरु में हुआ जो चार दिन से पहले ही खत्म हो गया।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
हालांकि बेंगलुरु के मैच में पिच को लेकर कोई सवाल नहीं उठा। पुणे और रांची में पहली बार कोई टेस्ट मैच हो रहा है। धौनी के रांची स्टेडियम में जाने और पिच के बारे में निरीक्षण को लेकर कई तरह की बातें की जा रही हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें