Move to Jagran APP

फिर से धमालः इस भारतीय जोड़ी में कुछ तो बात है, क्या लौट रहे हैं 'वो' दिन?

शायद अब वो जोड़ी भारत को मिल गई है। ये हैं कुछ बातें व आंकडे़ जो इस ओर इशारा करते हैं।

By Shivam AwasthiEdited By: Published: Sun, 04 Jun 2017 08:08 PM (IST)Updated: Sun, 04 Jun 2017 08:35 PM (IST)
फिर से धमालः इस भारतीय जोड़ी में कुछ तो बात है, क्या लौट रहे हैं 'वो' दिन?
फिर से धमालः इस भारतीय जोड़ी में कुछ तो बात है, क्या लौट रहे हैं 'वो' दिन?

नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। सचिन-गांगुली, सचिन-सहवाग, गंभीर-सहवाग..भारतीय वनडे क्रिकेट इतिहास में हमने कई शानदार ओपनिंग जोड़ियां देखीं। इस दौरान दुनिया के कई बड़े रिकॉर्ड इन जोड़ियों ने अपने नाम किए। समय बदला, दिग्गज रिटायर हुए और टीम इंडिया का रंग-रूप बदल गया। अब सबको तलाश थी एक ऐसी सलामी जोड़ी की जो स्वर्णिम इतिहास को कायम रखने का प्रयास कर सके। शायद अब वो जोड़ी भारत को मिल गई है। ये हैं कुछ बातें व आंकडे़ जो इस ओर इशारा करते हैं।

loksabha election banner

- फिर दिखा दम, पाकिस्तान के पसीने छूटे

हम यहां बात कर रहे हैं शिखर धवन और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी के बारे में। आइपीएल में इन दोनों का प्रदर्शन जैसा भी रहा हो, दोनों की फिटनेस को लेकर जितने भी सवाल उठते रहे हों लेकिन जैसे ही दोनों नीली जर्सी पहनकर भारत के लिए मैदान पर उतरे तो फिर रंग में लौट आए। चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ इन दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत तो थोड़ी धीमी की लेकिन वे पारी बनाने से नहीं चूके। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 136 रनों की लाजवाब साझेदारी हुई। रोहित ने मैच में 119 गेंदों पर 91 रन बनाए जबकि धवन ने 65 गेंदों पर 68 रन बनाए। रोहित ने 7 चौके और 2 छक्के जड़े, वहीं धवन ने 6 चौके और एक छक्का जड़ा।

- चैंपियंस ट्रॉफी की सबसे लाजवाब जोड़ी, रिकॉर्ड्स की झड़ी

ये दोनों पिछली चैंपियंस ट्रॉफी (2013) से ही पहली बार साथ ओपनिंग करने उतरे थे। ये एक प्रयोग के रूप में शुरू हुआ था लेकिन देखते-देखते दोनों इतिहास रचते चले गए। भारत ने वो खिताब अपने नाम किया और इन दोनों का इस खिताबी जीत में अहम योगदान रहा। अब ये जोड़ी चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास की सबसे शानदार जोड़ी बनती जा रही है। अब तक ये दोनों 6 पारियों में एक साथ खेलते हुए 518 रन जोड़ चुके हैं और ये जोड़ी अब सिर्फ क्रिस गेल और चंद्रपॉल की विंडीज जोड़ी से पीछे है। गेल-चंद्रपॉल की जोड़ी ने 9 पारियों में 635 रन बनाए हैं। क्रिकेट एक्सपर्ट अनिल कुमार के मुताबिक, 'ये जोड़ी आने वाले दिनों में चैंपियंस ट्रॉफी पर ऐसी छाप छोड़ सकती है जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।' यही नहीं, चैंपियंस ट्रॉफी में किसी भी विकेट के लिए सर्वाधिक शतकीय पारी दर्ज करने के मामले में ये दोनों अब शीर्ष पर आ गए हैं। इन दोनों के नाम चैंपियंस ट्रॉफी में 3 शतकीय साझेदारी दर्ज हो गई हैं। वेस्टइंडीज के गेल-चंद्रपॉल और दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स-ग्रीम स्मिथ को जोड़ी के नाम 2-2 शतकीय साझेदारी दर्ज हैं।

- ये हैं अब तक के आंकड़े

इन दोनों बल्लेबाजों ने अब तक साथ बल्लेबाजी करते हुए तीन सालों में कई लाजवाब साझेदारियों को अंजाम दिया है। दोनों ने पहली बार 6 जून 2013 को चैंपियंस ट्रॉफी मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली बार ओपनिंग की थी। उस मैच में उनकी शतकीय साझेदारी के दम पर भारत ने जीत दर्ज की थी। पिछले तीन सालों में रोहित और धवन ने 55 पारियों में तकरीबन 50 की औसत से साथ मिलकर 2586 रन जुटाए हैं। ये दोनों अब विश्व में सर्वाधिक रन जुटाने वाली सलामी जोड़ियों में 14वें स्थान पर हैं।

- कौन-कौन सी भारतीय जोड़ियों से हैं पीछे?

ये दोनों अब भारतीय वनडे इतिहास की दो सलामी जोड़ियों से पीछे हैं। पहली है सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी और दूसरी है सचिन तेंदुलकर-वीरेंद्र सहवाग की जोड़ी। सचिन-गांगुली की जोड़ी दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली सलामी जोड़ी है। दोनों ने 1996 से 2007 के बीच वनडे क्रिकेट की 136 पारियों में 49.32 की औसत से रिकॉर्ड 6609 रन बनाए थे। वहीं, तेंदुलकर-सहवाग की सलामी जोड़ी विश्व में चौथे स्थान पर है। इस जोड़ी ने 2002 से 2012 के बीच 93 वनडे पारियों में 42.14 की औसत से 3919 रन बनाए थे। विश्व की मौजूदा सलामी जोड़ियों में में धवन-रोहित की जोड़ी से कोई भी आगे नहीं है। क्रिकेट एक्सपर्ट सुनील शर्मा
कहते हैं कि, 'सचिन-सौरव के आंकड़ों को हासिल करना बेहद मुश्किल है। वैसे क्रिकेट में सब मुमकिन है लेकिन वो आइपीएल, टी20 और अति-व्यस्त कार्यक्रम का दौर नहीं था, आजकल फिटनेस को बरकरार रखना ही खिलाड़ी की सबसे बड़ी चुनौती होती है, आंकड़े तो बाद में आते हैं।'

- रोहित का वो बड़ा बयान

रोहित शर्मा ने पिछले साल फरवरी में एक इंटरव्यू के दौरान बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वो और रोहित मिलकर एक दिन सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की सलामी जोड़ी की बराबरी कर सकते हैं। रोहित का ये बयान तब आया था जब उन्होंने धवन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को उन्हीं के घर में वनडे सीरीज में पस्त किया था। भारत ने वो सीरीज 3-0 से जीती थी। उसके बाद वे टी20 सीरीज में भी छाए रहे थे और उस टी20 सीरीज के सिडनी टी20 मुकाबले में इस जोड़ी ने रिकॉर्ड रन चेज को अंजाम तक पहुंचाया था।

यह भी पढ़ेंः चैंपियंस ट्रॉफी के बाद धौनी ले सकते हैं संन्यास, ये हैं 5 कारण


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.