IPL 2017 का एक मैदान हुआ सील, अधिकारियों पर टैक्स न चुकाने का आरोप
आइपीएल के एक मैदान को सील कर दिया गया है।
इंदौर, जेएनएन। आइपीएल शुरू होने से पहले मध्य प्रदेश के इंदौर में बने उषाराजे होलकर क्रिकेट स्टेडियम को स्थानीय नगर निगम ने गुरुवार को को सील कर दिया। निगम का कहना है कि स्टेडियम पर 29 लाख, नौ हजार, 605 रुपये का संपत्ति कर बकाया बताया है, जबकि मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अधिकारी कार्रवाई को गलत बताते हुए 2017 तक का कर जमा होने की बात कह रहे हैं।
आठ अप्रैल से यहां पर आइपीएल के मैच होने हैं और इसे टिकट हासिल करने के लिए दबाव की कार्रवाई भी बताया जा रहा है। नगर निगम के उपायुक्त प्रताप सिंह सोलंकी और अरुण शर्मा गुरुवार दोपहर टीम सहित उषाराजे स्टेडियम बकाया संपत्ति कर वसूलने पहुंचे थे। एमपीसीए के अधिकारियों ने कर के रूप में जमा किए गए सात लाख रुपये की राशि की रसीद दिखाई, लेकिन निगम अधिकारियों ने इसे अधूरा टैक्स बताते हुए स्टेडियम के दोनों गेटों के साथ सीइओ रोहित पंडित का आफिस सील कर दिया।
सोलंकी के मुताबिक एसोसिएशन और स्टेडियम प्रशासक की जिम्मेदारी है कि वह सेल्फ असेसमेंट कर टैक्स जमा करें, जबकि स्टेडियम के कर्ताधर्ताओं ने आज तक खेल मैदान का संपत्ति कर ही नहीं चुकाया। अन्य करों के रूप में सात लाख रुपये जरूर जमा कराए थे। कार्रवाई से पहले समय-समय पर नोटिस जारी किए गए थे।
सही नहीं है कार्रवाई
एमपीसीए के सीइओ रोहित पंडित का कहना है कि हमने 2016-17 तक सात लाख रुपये टैक्स पहले ही चुका दिया था। निगम ने उस पर पांच प्रतिशत छूट भी दी थी। बुधवार शाम को निगम के कुछ लोग आए और पहले 11 लाख का टैक्स बकाया बताया। थोड़ी देर बाद 29 लाख के टैक्स की गणना कर दी। गुरुवार को आकर मैदान सील कर दिया। कार्रवाई बिल्कुल गलत है।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इंदौर में होने हैं तीन मैच
होलकर स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब टीम आठ अप्रैल को राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स से, 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से और 20 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।