भारतीय क्रिकेटरों को लंदन में मिला पत्नियों का साथ, अनुष्का नहीं दिखी विराट के साथ
इंग्लैंड में कई भारतीय क्रिकेट र्स अपनी-अपनी पत्नियों के साथ देखे गए।
अभिषेक त्रिपाठी, लंदन। भारतीय क्रिकेटरों को अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिलता इसलिए वे दौरों पर अपनी पत्नियों या गर्लफ्रेंड्स को साथ ले जाने के लिए बीसीसीआइ से सिफारिश करते रहते हैं। विश्व कप या बड़े टूर्नामेंट में बीसीसीआइ क्रिकेटरों को पत्नियों या गर्लफ्रेंड्स को अपने साथ लेने की इजाजत नहीं देता है। 2015 विश्व कप में भी ऐसा ही हुआ था, लेकिन इंग्लैंड में चल रही चैंपियंस ट्रॉफी में कई भारतीय क्रिकेटरों की पत्नियां पहुंची हुई हैं।
भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे, युवराज सिंह, रोहित शर्मा और उमेश यादव की पत्नियां अपने पतियों के साथ समय बिताने के लिए यहां पर हैं। युवी शनिवार की रात को पत्नी हेजल कीच को कैंडल लाइट डिनर पर ले गए। टीम इंडिया सेंट्रल लंदन के रॉयल गार्डन होटल में ठहरी है और यहां भी होटल के बाहर कई भारतीय प्रशंसक इकठ्ठा रहते हैं। इस कारण शनिवार को ओवल में अभ्यास करने के बाद युवराज सिंह पत्नी हेजल के साथ होटल से निकल गए। उन्हें पास के ही हाई स्ट्रीट केनसिंगटन ट्यूब (मेट्रो) स्टेशन के ऊपर बने एक रेस्तरां में देखा गया। वह और हेजल आराम से एक-दूसरे की आंखों में आंखें डालकर बैठे थे। हालांकि उन्होंने जैसे ही वहां मौजूद कुछ भारतीयों को देखा तो उनके चेहरे का प्यार कुछ देर के लिए गायब हो गया। इसके अलावा उमेश, रोहित और रहाणे ने भी अपनी पत्नियों को लंदन की सैर कराई। हालांकि अभी तक भारतीय कप्तान विराट कोहली की गर्लफ्रेंड और बॉलीवुड हीरोइन अनुष्का शर्मा नहीं दिखाई दी हैं।