भारतीय मंत्री ने क्रिकेटर ब्रैंडन मॅक्कुलम को बना दिया न्यूजीलैंड का पीएम
महेश शर्मा ने गलती से ब्रैंडन मॅक्कुलम को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में संबोधित कर दिया।
नई दिल्ली (आइएएनएस)। भारत के संस्कृति मंत्री महेश शर्मा को शायद न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री का नाम भी नहीं पता है। हैरत की बात तो यह है न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री जॉन की इस वक्त भारत की यात्रा पर हैं। महेश शर्मा ने जॉन की को ‘हिज एक्सेलेंसी प्राइम मिनिस्टर मॅक्कुलम’ कहकर संबोधित किया। उन्हें यह कहते हुए सुनकर वहां उपस्थित सभी लोग हैरान रह गए।
भारत के संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री शर्मा न्यूजीलैंड के प्रधानंमत्री और समारोह में उपस्थित न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान ब्रैंडन मॅक्कुलम के नामों में गफलत कर गए। उन्होंने कम से कम दो बार मॅक्कुलम को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री के तौर पर संबोधित किया। इस मौके पर मैक्कुलम भी मौजूद थे।
इस समारोह में अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा भी उपस्थित थे। मल्होत्रा न्यूजीलैंड में भारत के टूरिज्म एम्बेसडर हैं। मल्होत्रा ने धीरे से इस गफलत की तरफ शर्मा का ध्यान आकर्षित किया।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच टूरिज्म की संभावनाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित मीटिंग में शामिल होने आए हैं। कीवी प्रधानमंत्री ने भारत के मंत्री की इस गफलत को नजरअंदाज कर कहा कि दोनों देशों के बीच सीधे फ्लाइट की शुरुआत कर टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। अभी भारत से हर साल करीब 43 हजार टूरिस्ट न्यूजीलैंड का भ्रमण करते हैं और इस संख्या में इजाफा किया जाएगा।