डुप्लेसिस ने की गेंद से छेड़छाड़, द. अफ्रीकी टीम को मिली यह 'सजा'
दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम दक्षिण अफ्रीका पर पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए पांच रन की पेनाल्टी लगाई गई है। टीवी रिप्ले में दक्षिण अफ्रीकी क्षेत्ररक्षक फाफ डु प्लेसिस को अपनी पैंट की जिप पर गेंद को रगड़ते हुए दिखाया गया।
दुबई। दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम दक्षिण अफ्रीका पर पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए पांच रन की पेनाल्टी लगाई गई है। टीवी रिप्ले में दक्षिण अफ्रीकी क्षेत्ररक्षक फाफ डु प्लेसिस को अपनी पैंट की जिप पर गेंद को रगड़ते हुए दिखाया गया, जिसे गेंद की शक्ल बदलने का प्रयास माना गया।
पढ़ें: कटक में बारिश का साया, मुश्किल में टीम इंडिया
शुक्रवार को पाकिस्तान की दूसरी पारी के 31वां ओवर शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई अंपायर रॉड टकर और इंग्लैंड के इयान गूल्ड ने दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ से बात की। इस बीच चौथे अंपायर शोजाब रजा गेंद का बॉक्स लेकर आए। अंपायरों ने गेंद बदल दी और पाकिस्तान के स्कोर में पांच रन जोड़ दिए। पहली पारी में 400 से अधिक रन से पिछड़ रही पाकिस्तानी टीम का स्कोर तब तीन विकेट पर 62 रन था जो ओवर शुरू होने से पहले तीन विकेट पर 67 रन हो गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी ) के नियम 42.1 के अनुसार यदि अंपायर गेंद की शक्ल में बदलाव देखते हैं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं होता है कि दोषी कौन है तो वह कप्तान को पहली और आखिरी चेतावनी देकर गेंद बदल देते हैं। यदि गेंद से फिर छेड़छाड़ की जाती है तो गेंदबाजी टीम पर पांच रन का जुर्माना लगाया जाता है। इस मामले में डु प्लेसिस को गेंद रगड़ते हुए देखा गया जिसे गेंद से छेड़छाड़ का साफ प्रयास माना गया।
पढ़ें: 'मंकीगेट' विवाद बीते जमाने की बात
इससे पहले केवल पाकिस्तान पर ही गेंद से छेड़छाड़ के लिए पांच पेनल्टी रन लगाए गए थे। यह घटना इंग्लैंड के खिलाफ 2006 के ओवल टेस्ट में घटी थी। ऑस्ट्रेलियाई अंपायर डेरेल हेयर के फैसले से खफा पाकिस्तानी इंजमाम उल हक मैदान छोड़कर चले गए। हेयर ने इसके बाद फैसला दिया कि पाकिस्तान ने मैच गंवा दिया। यह टेस्ट क्रिकेट में इस तरह की एकमात्र घटना है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर